फिलिस्तीनियों ने किया मिसाइल का सफल परीक्षण
फ़िलिस्तीनियों का कहना है कि ज़ायोनी शासन के बढ़ते अत्याचारों के बाद उन्होंने आज क़ासिम-10 मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
फ़ार्स न्यूज़ के अनुसार फ़िलिस्तीनियों के एक प्रतिरोधक गुट "कताएब अलमुक़ावमा अलवतनिया" ने आज सोमवार 27 दिसंबर को बताया है कि ग़ज़्ज़ा पट्टी पर ज़ायोनियों के हमले की 13वीं वर्षगांठ पर उन्होंने क़ासिम-10 मिसाइल का परीक्षण किया है।
इस फ़िलिस्तीनी गुट का कहना है कि ज़ायोनियों को अब यह समझ लेना चाहिए कि हमारे सब्र का पैमाना लबरेज़ हो चुका है। "कताएब अलमुक़ावमा अलवतनिया" ने यह बात बल देकर कही है कि हम अन्तिम सांस तक फ़िलिस्तीनियों की मातृभूमि की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे।
उनके अनुसार हम दुश्मन के हर प्रकार के हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। हमारा आज का मिसाइल परीक्षण, फ़िलिस्तीन के प्रतिरोध की बढ़ती शक्ति का परिचायक है।
याद रहे कि हालिया कुछ वर्षों से वेस्ट बैंक के इलाक़े में लगातार झड़पें तेज़ हो रही हैं। इसी के साथ इस्राईल के ख़िलाफ़ फ़िलिस्तीनियों का प्रतिरोध भी बढ़ता जा रहा है। यह सबकुछ इस्राईल की ग़ैर क़ानूनी विस्तारवादी नीतियाों के कारण हो रहा है।
शनिवार की रात फ़िलिस्तीन के इलाक़े वेस्ट बैंक में इस्राईली सेना से झड़पों में सैकड़ों की तादाद में फ़िलिस्तीनी घायल हो गए थे। फ़िलिस्तीन के बुरक़ा और बज़्ज़ारिया नामक दो शहरों में इस्राईली सेना से फ़िलिस्तीनियों की झड़पें हुईं जिनमें लगभग 300 फ़िलिस्तीनी घायल हुए।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए