बग़दाद में आतंकवादी हमला, 12 पुलिस कर्मी हताहत
बग़दाद में आतंकवादी हमले में 12 पुलिस कर्मी हताहत हुए।
लेबनान के अलमयादीन टीवी चैनल के अनुसार गुरुवार को 3 आतंकवादियों ने पश्चिमी बग़दाद के अबू ग़रेब इलाक़े में पुलिस चौकी पर विस्फोटकों से हमला कया जिसमें 12 पुलिस कर्मी हताहत हुए। इससे पहले बुधवार को बग़दाद के अनेक इलाक़ों में आतंकवादी हमलों में 100 से ज़्यादा लोग हताहत और 150 के क़रीब घायल हुए। आतंकवादी गुट दाइश ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी ली थी।
दूसरी ओर इराक़ी सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को पश्चिमी इराक़ के अंबार प्रांत के केन्द्र रुमादी शहर पर दाइश का हमला नाकाम हो गया। गुरुवार को दाइश ने रुमादी के उत्तरी भाग में अलबूईसा और ताहूना इलाक़े पर 4 कार बमों से आतंकवादी हमले की कोशिश की जो नाकाम हो गयी। दाइश के हमले के बाद रुमादी शहर के उत्तरी भाग में कर्फ़्यू लगा दिया गया। दाइश ने हालिया दिनों में इराक़ी सैनिकों की प्रगति को रोकने में नाकाम होने के बाद नागरिकों के ख़िलाफ़ आतंकवादी हमले बढ़ा दिए हैं। (MAQ/N)