अर्दोग़ान ने यूरोप पर धूर्तता का आरोप लगाया
तुर्की के राष्ट्रपति ने शेनगन क्षेत्र में तुर्क नागरिकों के लिए वीज़ा स्थगन के विषय में यूरोपीय संघ पर धूर्तता का आरोप लगाया है।
रजब तैयब अर्दोग़ान ने यूरोपीय देशों से यह सवाल करते हुए कि आप कब से तुर्की का संचालन करने लगे? कहा कि देश में आतंकवाद विरोधी क़ानूनों में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं आएगा। यूरोपीय संघ ने शर्त लगाई है कि वह केवल इसी स्थिति में तुर्क नागरिकों को शेनगन क्षेत्र में वीज़ा न लेने की छूट दे सकता है कि तुर्की अपने आतंकवाद निरोधक क़ानूनों पर पुनर्विचार करे। तुर्क नागरिकों के लिए शेनगन क्षेत्र में वीज़ा न लेने की छूट, शरणार्थियों के संकट के समाधान के लिए होने वाले समझौते का एक भाग है।
यह समझौता तुर्की से यूनान और फिर वहां से अन्य यूरोपीय देशों तक शरणार्थियों के रेले को रोकने के लिए इसी साल 18 मार्च को यूरोपयी संघ और तुर्की के बीच हुआ था। इस समझौते के अनुसार तुर्की इस बात के लिए वचनबद्ध हुआ है कि वह अपनी सीमाओं से शरणार्थियों को यूरोप की ओर जाने नहीं देगा। इसके बदले में यूरोपीय संघ ने तुर्की को आर्थिक सहायता देने और उसके नागरिकों को शेनगन क्षेत्र के लिए वीज़ा की अनिवार्यता से छूट देने पर सहमति जताई है। (HN)