सीरिया के बारे में फ़्रांसीसी बयान का दमिश्क़ ने किया खण्डन
सीरिया के विदेश मंत्रालय ने इस देश के पश्चिमोत्तरी क्षेत्र के बारे में फ्रांस के बयान की कड़ी निंदा की है।
फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करके इदलिब में आतंकवादियों के ठिकानों पर सीरिया सरकार के हमले की निंदा की है। इस बारे में सीरिया के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने इस बयान को झूठ का पुलिंदा बताया है।
सीरिया के पश्चिमोत्तरी क्षेत्र के बारे में फ्रांस के बयान को दमिश्क़ ने फ्रांस सरकार की विध्वंसक नीतियों का हिस्सा बताया है। सीरिया के विदेश मंत्रालय के अनुसार इस बयान की हम कड़े शब्दों में निंदा करते है क्योंकि यह, सीरिया में सक्रिय आतंकवादी गुटों के फ्रांसीसी समर्थन को दर्शाता है। आतंकवादी गुटों का समर्थन करने वाले देश तुर्की के बारे में फ़्रांस की ख़ामोशी बहुत ही संदिग्ध है।
सीरिया के विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि आतंकवादियों के समूल विनाश तक उनका पीछा किया जाएगा। इस अभियान को न तो हम रोकेंगे और न ही इससे कभी हम अपना मुंह मोड़ेंगे।
उल्लेखनीय है कि सीरिया में सक्रिय दाइश, नुस्रा फ्रंट तथा कुछ अन्य आतंकवादी गुटों को सीरिया की सेना से काफी नुक़सान पहुंचा है। इस समय वे अमरीका और तुर्की के समर्थन से सीरिया के कुछ क्षेत्र में रहकर विध्वंसकारी कार्यवाहियां करते रहते हैं।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए