इराक़ को भी मिला रेयाज शिखर बैठक का न्योता
सऊदी युवराज ने इराक़ के राष्ट्रपति को रेयाज़ में होने वाली शिखर बैठक में भाग लेने का निमंत्रण दिया है।
ख़लीज आनलाइन के अनुसार इराक़ के राष्ट्रपति कार्यालय के मीडिया विभाग की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि देश के राष्ट्रपति अब्दुल लतीफ़ रशीद को रेयाज़ में होने वाले अरब-चीन शिखर सम्मेलन में भाग लेने का न्योता दिया गया है।
इस बयान के अनुसार बग़दाद में मौजूद सऊदी अरब के राजदूत ने इराक़ के राष्ट्रपति से भेंट की थी। इस भेंट में उनको सऊदी अरब के युवराज की ओर से भेजा गया निमंत्रण सौंपा गया।
सऊदी अरब की राजधानी रेयाज़ में चीन और अरब देशों की होने वाली शिखर बैठक में भाग लेने के लिए सऊदी युवराज ने इराक़ के राष्ट्रपति से पहले बहरैन के शासक हम्द बिन ईसा आले ख़लीफ़ा और कुवैत के शासक नोआफ़ अलअहमद को भी निमत्रण दिया था।
इससे पहले दुबई में चीन के काउन्सलर ने बताया था कि दिसंबर के आरंभ में सऊदी अरब, चीन तथा अरब देशों के शिखर सम्मेलन की मेज़बानी करने जा रहा है। इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य द्विपक्षीय संबन्धों को मज़बूत करना है।
अक्तूबर में सऊदी अरब के विदेशमंत्री फैसल बिन फ़रहान ने बताया था कि आगामी कुछ महीनों में सऊदी अरब में तीन शिखर बैठकें होने जा रही हैं जिनमें से एक वही बैठक है जो रेयाज़ में दिसंबर के आरंभ में शुरू होने जा रहा है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए