अगले दो से तीन दिन में स्वतंत्र हो जाएगा फ़ल्लूजा
पिछले तेरह वर्षों से दाइश के नियंत्रण में रहे फ़ल्लूजा शहर को दो से तीन दिन में स्वतंत्र करा लिया जाएगा।
अंबार प्रांत का शहर फ़ल्लूजा पिछले 13 वर्षों के दौरान तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश का गढ़ था। प्राप्त समाचारों के अनुसार, सोमवार को आरंभ होने वाली कार्यवाही में फ़ल्लूजा शहर को जाने वाले लगभग 17 गांवों को स्वतंत्र करा लिया गया है। सेना और स्वयं सेवी बलों ने पिछले तीन ओर से दाइश के गढ़ फ़ल्लूजा पर तीन ओर से हमला किया।
इस कार्यवाही में स्वयं सेवी बल के जवान, बग़दाद की ओर से फ़ल्लूजा की ओर बढ़ रहे हैं जिसके पश्चिमी छोर के समस्त गांवों को स्वतंत्र करा लिया गया है। उधर सुन्नी क़बीलों ने रोमादी की ओर से हमला करके इस शहर के बहुत से क्षेत्रों को स्वतंत्र करा लिया। संघीय पुलिस भी दक्षिणी छोर से फ़ल्लूजा की ओर बढ़ रही है।
स्वयं सेवी बल के कमान्डर ने समाचार एजेन्सी से बात करते हुए कहा कि सेना और स्वयं सेवी बलों के मध्य पाये जाने वाली ज़बरदस्त एकता के कारण फ़ल्लूजा की रक्षा पर तैनात दाइश के लड़ाकों में भय देखा जा सकता है और यह शहर तेरह साल तक दाइश के आतंकियों के नियंत्रण में रहने के बाद दो से तीन दिन में स्वतंत्र हो जाएगा।
कहा जाता है कि दाइश ने शहर के नागरिकों को धमकी दी है कि यदि उन्होंने सेना के सामने आत्मसमर्पण के लिए सफ़ेद झंडा उठाया तो उन्हें मार दिया जाएगा। यह एेसी स्थिति में है कि फ़ल्लूजा के उपनगरीय क्षेत्रों में रहने वाले अधिकतर लोग सेना और स्वयं सेवी बलों के साथ सहयोग कर रहे हैं। (AK)