बग़दादी का सबसे अहम सहायक ढेर
इराक़ की संयुक्त सैन्य कमान ने बताया है कि दाइश के सरग़ना का सबसे अहम सहायक अलअंबार प्रांत में मार दिया गया है।
सूमरिया न्यूज़ के अनुसार इराक़ की संयुक्त सैन्य कमान ने एक बयान जारी करके बताया है कि आतंकी गुट दाइश के सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी का सबसे अहम सहायक और दाइश का कथित युद्ध मंत्री अलअंबार प्रांत में इराक़ी वायु सेना के हमले में ढेर हो गया है। यह हमला अलअंबार प्रांत के अलक़ाएम क्षेत्र में दाइश के एक अहम गुप्त ठिकाने पर किया गया था। बयान के अनुसार इस हमले में दाइश के कई अन्य बड़े आतंकी भी मारे गए हैं।
कौन था दाइश का युद्ध मंत्री?
दाइश के सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी का अहम सहायक और दाइश का कथित युद्ध मंत्री, बूका की जेल से भागा हुआ था। दाइश ने उसे फ़ुरात व बरका के तथाकथित क्षेत्रों में न्यायिक मामलों का प्रभारी बना रखा थ। पहले वह अबू मुसअब ज़रक़ावी के नेतृत्व में अलक़ाएदा के लिए काम करता था और बग़दादी का घनिष्ठ मित्र था। उसने अनेक सीरियाई व इराक़ी नागरिकों की गर्दन उड़ाने का फ़तवा दिया था।
इराक़ की संयुक्त सैन्य कमान ने अपने बयान में इसी प्रकार बताया है कि दाइश के इस ख़ुफ़िया ठिकाने पर किए गए हवाई हमले में, जो इस गुट के एक वित्तीय कार्यालय के रूप में भी काम करता था, छः आतंकी मारे गए और बड़ी मात्रा में इस आतंकी गुट के पैसे जल कर राख हो गए। (HN)