ग़ज़ा में 93वें दिन की लड़ाई की अहम घटनाएं
ग़ज़ा पट्टी में ज़ायोनी शासन की जंग के 93वां दिन रविवार को गुज़रा जब ज़ायोनी शासन ने अपने हमलों में पत्रकार हमज़ा दहदूह को क़त्ल कर दिया। हमज़ा दहदूह अलजज़ीरा टीवी चैनल के ग़ज़ा में मौजूद पत्रकार वाएल दहदूह के बेटे थे।
ज़ायोनी शासन ने रविवार को एक अन्य पत्रकार मुसतफ़ा सुरैया को भी ग़ज़ा पट्टी में क़त्ल कर दिया। इस बीच वेस्ट बैंक में भी कई घटनाएं हुईं जहां ज़ायोनी सेना के हमलों में कई फ़िलिस्तीनी शहीद हो गए।
वेस्ट बैंक के जेनीन में भीषण झड़पें हुईं जहां एक इस्राईली महिला सैनिक मारी गई और चार सैनिक घायल हो गए। बैतुल मुक़द्दस में एक फ़िलिस्तीनी ने अपनी गाड़ी इस्राईली पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दी जिसमें दो पुलिस कर्मी घायल हो गए।
ग़ज़ा में सरकारी प्रेस कार्यालय ने रविवार को एलान किया कि ग़ज़ा में शहीद होने वाले फ़िलिस्तीनियों की संख्या 22 हज़ार 835 हो गई है जबकि घायलों की संख्या 58 हज़ार 416 है। उत्तरी इलाक़ों मं 60 से अधिक फ़िलिस्तीनी शहीद हुए जहां जबालिया शरणार्थी शिविर में ज़ायोनी सेना ने भयानक बमबारी की। 30 फ़िलिस्तीनी मग़ज़ी में ज़ायोनी सेना के हमलों में शहीद हुए। दक्षिणी ग़ज़ा पट्टी में भी ज़ायोनी सेना ने 70 से अधिक फ़िलिस्तीनियों का नरसंहार किया।
ज़ायोनी सेना ने दक्षिणी रफ़ह में बमबारी की जिसमें पत्रकार हमज़ा दहदूह और मुसतफ़ा सुरैया शहीद हुए जबकि एक अन्य पत्रकार हाज़िम रजब घायल हो गए।
ग़ज़ा में शहीद होने वाले पत्रकारों की संख्या 110 तक पहुंच चुकी है।
ग़ज़ा पट्टी में बड़ी भीषण लड़ाई सेंट्रल भाग में हुई जबकि दक्षिणी ग़ज़ा पट्टी में भी झड़पें बहुत तेज़ हो गई हैं। दक्षिणी ग़ज़ा पट्टी में हमास की सैनिक शाखा क़स्साम ब्रिगेड ने इस्राईली सेना के दो मिरकावा टैंक, एक बुल्डोज़र और एक बक्तरबंद गाड़ी को ध्वस्त कर दिया। इसी तरह ज़ायोनी सैनिकों को दो सुरंगों के भीतर पहुंच जाने के बाद निशाना बनाया।
झड़पें नुसैरात, ज़वायदा और बैत लाहिया में भी हुई हैं।
इस बीच ज़ायोनी सेना ने स्वीकार किया है कि मीरून एयर बेस को नुक़सान पहुंचा है लेकिन साथ ही यह भी कहा है कि एयर बेस अभी काम करने में सक्षम है।
हिज़्बुल्लाह ने ज़ायोनी शासन के इस ठिकाने पर 62 मिसाइल फ़ायर किए थे और कहा था कि यह बैरूत में ज़ायोनी शासन के हमले में हमास के नेता सालेह आरूरी की हत्या पर पहली जवाबी कार्यवाही है।
हिज़्बुल्लाह ने रविवार को सीमा पर कई जगहों पर ज़ायोनी सैनिकों पर हमले किए।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए