4 इस्राईलियों पर अमरीका ने लगाया प्रतिबंध
अवैध क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में फ़िलिस्तीनियों के ख़िलाफ़ हिंसा और उनकी हत्याएं करने वाले चार ज़ायोनियों पर अमरीका ने प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
गुरुवार को एक कार्यकारी आदेश जारी करते हुए अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने वेस्ट बैंक में फ़िलिस्तीनियों पर हिंसा करने वाले चार सेटलर के ख़िलाफ़ प्रतिबंध लगा दिए।
ग़ौरतलब है कि वेस्ट बैंक में इस्राईल की अवैध बस्तियों का निर्माण अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नज़र में ग़ैर क़ानूनी और फ़िलिस्तीनियों की भूमि पर क़ब्ज़ा है, लेकिन इन अवैध बस्तियों में रहने वाले ज़ायोनी आए दिन फ़िलिस्तीनियों को निशाना बनाते हैं, उनकी हत्याएं कर देते हैं और उनकी संपत्तियों को लूट लेते हैं।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय के विरोध के बावजूद, अमरीका इन बस्तियों के निर्माण का समर्थन भी करता रहा है और इसके लिए अमरीका में बड़े पैमाने पर धन जुटाया जाता है।
ग़ज़ा युद्ध की शुरूआत के बाद से वेस्ट बैंक में फ़िलिस्तीनियों पर अवैध बस्तियों में बसने वाले ज़ायोनियों के हमलों में अभूतपूर्व रूप से तेज़ी आई है।
गुरुवार को पत्रकारों के साथ बात करते हुए एक वरिष्ठ अमरीकी अधिकारी ने दावा किया कि ग़ज़ा युद्ध शुरू होने के बाद से अवैध क़ब्जे वाले वेस्ट बैंक में हिंसा और हमलों में वृद्धि हुई है, जिसे रोकने के लिए प्रतिबंधों का सहारा लिया जा रहा है।
इन प्रतिबंधों के तहत इन लोगों की संपत्तियों को अमरीका में सीज़ कर दिया जाएगा और अमरीका में उनके प्रवेश पर प्रतिबंध होगा। हालांकि इन प्रतिबंधों से अमरीकी सेटलर्स को अलग रखा गया है, जो वेस्ट बैंक में फ़िलिस्तीनियों के ख़िलाफ़ हिंसा भड़काने और हिंसा करने में किसी भी अन्य यहूदी से आगे हैं।
पिछले चार महीनों के दौरान, वेस्ट बैंक में सेटलर्स और इस्राईली सैनिकों के हमल में 360 से ज़्यादा फ़िलिस्तीनी शहीद हो चुके हैं। msm