दाइश ने ली नीस हमले की ज़िम्मेदारीः ली फ़िगारो
फ़्रांसीसी पुलिस की ख़ामोशी के बीच आतंकवादी गुट दाइश ने नीस हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है।
फ़्रांसीसी अख़बार ली फ़िगारो का कहना है कि देश के नीस शहर में हुए हमले की ज़िम्मेदारी दाइश ने ली है।
ली फ़िगारो के अनुसार, दाइश की न्यूज़ एजेंसी अमाक़ ने शनिवार को कहा कि नीस शहर में कार्यवाही करने वाला, दाइश का सैनिक था। दाइश की ओर से जारी बयान में आया है कि यह कार्यवाही दाइश के ख़िलाफ़ लड़ने वाले देशों की कार्यवाही के जवाब में की गयी है।
ज्ञात रहे आम तौर पर दाइश से संबंधित रिपोर्ट अमाक़ नामक न्यूज़ एजेंसी जारी करती है।
मौजूदा ख़बरों के अनुसार, फ़्रांसीसी पुलिस ने अभी तक ऐसा कोई दस्तावेज़ प्रकाशित नहीं किया या ऐसी कोई ख़बर प्रसारित नहीं की है जिससे गुरुवार को नीस शहर में हुए हमले में दाइश के आतंकी की संलिप्तता साबित हो।
ज्ञात रहे गुरुवार को नीस शहर में ट्रक से हमला करने वाले ने जनता की भीड़ को कुचल दिया जिसमें 84 लोग हताहत और 200 से ज़्यादा घायल हुए। (MAQ/N)