हलब में संघर्ष विराम की संभावना बढ़ी
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i21058-हलब_में_संघर्ष_विराम_की_संभावना_बढ़ी
सीरिया की सरकार ने आतंकियों से लड़ाई के लिए ईरान व रूस के गठबंधन का स्वागत किया है जबकि रूस ने हलब में संघर्ष विराम स्थापित कराने के लिए अपनी तैयारी की घोषणा की है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Aug १९, २०१६ १६:०८ Asia/Kolkata

सीरिया की सरकार ने आतंकियों से लड़ाई के लिए ईरान व रूस के गठबंधन का स्वागत किया है जबकि रूस ने हलब में संघर्ष विराम स्थापित कराने के लिए अपनी तैयारी की घोषणा की है।

सीरिया के उप विदेश मंत्री फ़ैसल मिक़दाद ने कहा है कि आज सीरिया उन आतंकी गुटों के साथ लड़ रहा है जो संसार के सभी देशों विशेष कर क्षेत्रीय देशों के लिए गंभीर ख़तरा हैं। उन्होंने ईरान व रूस के साथ सीरिया के गठबंधन के बारे में कहा कि यह गठबंधन, राष्ट्रों विशेष कर फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के अधिकारों की बहाली के लिए एक अधिक सुरक्षित संसार और एक अधिक संतुलित मध्यपूर्व अस्तित्व में लाने की कोशिश कर रहा है।

 

इस बीच एेसी स्थिति में जब हलब में आतंकी बुरी तरह से फंस चुके हैं, सीरिया के मामलों में संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव के प्रतिनिधि ने, जिन्हें अब से पहले तक हलब की जनता की संकटमयी स्थिति की कोई चिंता नहीं थी, अब इस शहर में संघर्ष विराम की मांग की है। स्टीफ़न डिमिस्तूरा ने कहा है कि बड़ी शक्तियों को अगले 48 घंटों में हलब में संघर्ष विराम के लिए अपना हर संभव प्रयास करना चाहिए।

 

रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी एक बयान जारी करके कहा है कि वह हलब में संघर्ष विराम स्थापित कराने के संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव के प्रतिनिधि के प्रस्ताव की समीक्षा के लिए तैयार है। इस बयान में कहा गया है कि हलब शहर में मानवता प्रेमी सहायता वाहक कारवां का दाख़िल होना इस बात पर निर्भर है कि उसे पूरी सुरक्षा के साथ हलब में जाने दिया जाए। रूसी रक्षा मंत्रालय ने इसी तरह मानवता प्रेमी सहायताएं हलब ले जाने कारवां की सुरक्षा के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ और अमरीका की ओर से गारंटी की भी मांग की है। ज्ञात रहे कि हलब में लगभग 20 लाख लोग पीने के साफ़ पानी से वंचित हो चुके हैं और इस शहर का बुनियादी ढांच लगभग पूरी तरह से तबाह हो गया है। (HN)