इस्राईल ने कॉलोनियों के निर्माण का बजट बढ़ाया 500 प्रतिशत
ज़ायोनी शासन ने अपने विस्तारवादी लक्ष्य हासिल करने के लिए अवैध कॉलोनियों के निर्माण का बजट 500 प्रतिशत बढ़ा दिया है।
फ़िलिस्तीन इन्फ़ॉर्मेशन सेंटर के अनुसार, अतिग्रहित फ़िलिस्तीन में कॉलोनियों के निर्माण का निरीक्षण करने वाले केन्द्र के प्रमुख अरीज सुहैल ख़लीलिया ने बताया कि अतिग्रहित भूमि पर कॉलोनियों के निर्माण के बजट में पिछले साल की तुलना में 500 प्रतिशत वृद्धि हुई है। यह बजट अब बढ़कर 11 करोड़ डॉलर पहुंच गया है।
ख़लीलिया ने बल देकर कहा कि ज़ायोनी शासन फ़िलिस्तीनियों की भूमि का पूरी तरह अतिग्रहण करना चाहता है, ताकि इस भूमि पर इस्राइलियों की उपस्थिति को सुनिश्चित बनाए। उन्होंने कहा कि ज़ायोनी, विश्व समुदाय को यह संदेश देना चाहते हैं कि इस्राईल की क़ुद्स पर पूरी तरह पैठ है और इस शहर में इस्राइली बहुसंख्यक हैं, इसलिए इस बारे में किसी प्रकार की बातचीत की ज़रूरत नहीं है।
अरीज सुहैल ख़लीलिया ने कहा कि ज़ायोनी शासन नस्लभेदी दीवार का निर्माण जारी रखे हुए है और अब यह दीवार वेस्ट बैंक के पश्चिमोत्तर से दक्षिण-पश्चिम तक बढ़ गयी है।
ज्ञात रहे कि पश्चिमी तट में फ़िलिस्तीनी भूमि में जातीवादी दीवार का निर्माण 2002 से शुरु हुआ है। इस जातीवादी दीवार का निर्माण ऐसी स्थिति में जारी है कि जुलाई 2004 में अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायालय आईसीसी ने इस दीवार के निर्माण को ग़ैर क़ानूनी घोषित किया है। (MAQ/N)