इस्राईल का अतिग्रहण जारी रहने पर यूरोपीय संघ की आलोचना
यूरोपीय संघ ने पश्चिमी तट में बनाई गई यहूदी काॅलोनियों को वैधता प्रदान करने की ज़ायोनी शासन की नई योजना की आलोचना की है।
फ़िलिस्तीन में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि लाॅर्स फ़ैबर्ग एंडरसन ने इस्राईली वेबसाइट एनआरजी से बात करते हुए पश्चिमी तट में फ़िलिस्तीनियों की ज़मीन हड़पने की इस्राईल की योजना पर चिंता जताते हुए कहा कि इस्राईल इस योजना के मसौदे को मंज़ूरी देकर पश्चिमी तट में बनाई गई ज़ायोनी काॅलोनियों और अतिग्रहित क्षेत्रों में अवैध बस्तियों के निर्माण को वैधता प्रदान कर रहा है। यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि ने कहा कि फ़िलिस्तीनियों के क्षेत्रों में ज़ायोनी काॅलोनियों का निर्माण, स्वतंत्र फ़िलिस्तीन देश के गठन में सबसे बड़ी बाधा है।
फ़िलिस्तीन के विदेश मंत्रालय ने भी पश्चिमी तट में फ़िलिस्तीनियों की ज़मीन हड़पने की इस्राईल की योजना के मसौदे की मंज़ूरी को इस्राईल की जातिवादी नीतियों का विस्तार बताया है। राष्ट्र संघ ने भी इस्राईल की ओर से ज़ायोनी काॅलोनियों का निर्माण जारी रखे जाने को अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन बताया है और इस्राईल से मांग की है कि वह इसे तुरंत बंद करे। (HN)