मूसिल अभियान में मारे गये 1000 आतंकी
इराक़ी सेना के एक कमान्डर ने कहा है कि देश के उत्तरी शहर मूसिल की आज़ादी के अभियान के आरंभ से अबतक दाइश के लगभग एक हज़ार आतंकी मारे जा चुके हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, इराक़ी सेना के कमान्डर जनरल अब्दुल ग़नी अलअसदी ने कहा है कि स्पेशल फ़ोर्स ने अपनी रणनीति बदलते हुए दाइश की सप्लाई लाइन काटने और आम नागरिकों के समर्थन पर केन्द्रित कर दी है। अलअसदी ने इस बात की ओर संकेत करते हुए कि ग़ैर आबाद क्षेत्रों में आप्रेशन के आरंभिक दिनों में सेना की प्रगति तेज़ हुई, कहा कि सेना ने मूसिल शहर के पूर्वी भाग के आधे हिस्से पर नियंत्रण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब सेना दाइश के आतंकियों से आमने सामने मुक़ाबला करते हुए उनके कार बमों से निपट रही है।
इराक़ी सेना के वाॅर मीडिया सेन्टर ने भी कहा है कि सेना के एफ़-16 युद्धक विमानों ने पूर्वी मूसिल के फ़ैसलिया क्षेत्र में दाइश के हथियार बनाने और कार बम बनाने के कारख़ानों पर बमबारी की है। इराक़ के रक्षामंत्रालय ने भी एक बयान जारी करके घोषणा की है कि युद्धक विमानों के हमलों में दाइश के दसियों आतंकी मारे गये और उनके कई कार बम तबाह हो गये।
उधर इराक़ी सेना की आतंकवाद निरोध टीम के कमान्डर अब्दुल वह्हाब साएदी ने मसारीफ़ क्षेत्र से आतंकियों को खदेड़ने के अभियान की ओर संकेत करते हुए कहा कि मूसिल सिटी की स्वतंत्रता के अभियान के आरंभ होने के बाद से सेना ने अत तक पूर्वी मूसिल के चालीस प्रतिशत क्षेत्रों पर नियंत्रण कर लिया है।
दूसरी ओर बाशीक़ा शहर के निवासी दाइश के चंगुल से क्षेत्र के स्वतंत्र होने के बाद से पहली बार अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। (AK)