पूर्वी अलेप्पो का 70 फ़ीसद भाग आज़ाद हुआ, सीरियाई सेना
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i30460-पूर्वी_अलेप्पो_का_70_फ़ीसद_भाग_आज़ाद_हुआ_सीरियाई_सेना
सीरिया के उत्तरी नगर अलेप्पो में सेना की कार्यवाही में ‘हलब सेना’ नामक गुट का सरग़ना मारा गया।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Dec ०५, २०१६ १४:५२ Asia/Kolkata
  • पूर्वी अलेप्पो का 70 फ़ीसद भाग आज़ाद हुआ, सीरियाई सेना

सीरिया के उत्तरी नगर अलेप्पो में सेना की कार्यवाही में ‘हलब सेना’ नामक गुट का सरग़ना मारा गया।

अलआलम के अनुसार, इस सरग़ना की पहचान अब्दुर्रहमान नूर बतायी गयी है। यह गुट वास्तव में ‘सीरिया विजय मोर्चा’ सहित कई आतंकवादी गुटों पर आधारित गठबंधन था।

एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, सीरियाई सेना ने अलेप्पो के पश्चिमी भाग राशेदीन में कार्यवाही की जिसमें ‘स्वतंत्र सेना’ नामक गुट का सरग़ना मशहूर अलअहमद मारा गया।

सीरियाई सेना ने पम्फ़लेट के ज़रिए पूर्वी अलेप्पो या हलब में मौजूद आतंकियों से हथियार डालने और नागरिकों में ख़ास तौर पर बीमारों व घायलों को इस क्षेत्र से निकलने की अनुमति देने की अपील की है।

सीरियाई सेना ने अपने घटकों के साथ पूर्वी हलब के मैसर, जौरह अवाद और ज़हरह अवाद मोहल्लों को आज़ाद करा लिया है।

दूसरी ओर हलब के नुब्बुल और अज़्ज़हरा क़स्बों और पश्चिमोत्तरी शहर इद्लिब के फ़ूआ और कफ़रया क़स्बों पर आतंकियों ने मीज़ाईल और तोपख़ानों से हमला किया, जिसमें कई मासूम बच्चों सहित अनेक नागरिक घायल हुए।

सीरियाई वायु सेना ने बन्श और तऊम में आतंकियों के मीज़ाईल लांच पैड को निशाना बनाया जिसे आतंकी फ़ूआ और कफ़रया पर हमले के लिए इस्तेमाल करते थे।

ग़ौरतलब है कि सीरियाई सेना ने अब तक पूर्वी अलेप्पो का 70 फ़ीसद इलाक़ा आज़ाद करा लिया है। (MAQ/N)