इराक और सीरिया में दाइश के 50 हजार सदस्य मारे गये
दाइश के अधिकांश तत्वों को इराकी और सीरियाई सैनिकों ने मौत के घाट उतारा है।
अमेरिका की अगुवाई में दाइश के विरुद्ध बने अंतरराष्ट्रीय गठबंधन ने दावा किया है कि सीरिया और इराक में इस गठबंधन की कार्यवाही के आरंभ से दाइश के 50 हज़ार लड़ाके मारे जा चुके हैं।
स्काई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार दाइश के विरुद्ध 60 देशों से मिलकर बने अंतरराष्ट्रीय गठबंधन की कार्यवाही में सितंबर वर्ष 2014 से अब तक सीरिया और इराक में दाइश के 50 हज़ार तत्व मारे जा चुके हैं।
अलबत्ता इस रिपोर्ट में कहा गया है कि दाइश के अधिकांश तत्वों को इराकी और सीरियाई सैनिकों ने मौत के घाट उतारा है।
अमेरिका की अगुवाई में दाइश विरोधी अंतरराष्ट्रीय गठबंधन की रिपोर्ट ऐसी स्थिति में सामने आ रही है जब सीरियाई और इराकी अधिकारियों का दावा है कि इस गठबंधन ने दाइश को गम्भीर जानी व माली क्षति नहीं पहुंचाई है और इसके विपरीत इन दोनों देशों के दसियों आम नागरिक इस गठबंधन के हमले में मारे गये हैं।
यह बात किसी से छिपी नहीं है कि आतंकवादी गुट दाइश को हालिया वर्षों में अमेरिका, पश्चिम, अरब और क्षेत्र के कुछ देशों का आर्थिक और सैनिक समर्थन प्राप्त रहा है और इस गुट ने मध्यपूर्व विशेषकर इराक और सीरिया में अत्यधिक अपराध अंजाम दिया है। MM