पूरा विश्व दाइश को पराजित करने वाले इराक़ का ऋणी है,
इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने मूसिल नगर को आतंकी संगठन दाइश के क़ब्ज़े से आज़ाद कराने के लिए जारी आप्रेशन में मिलने वाली सफलताओं की सराहना की और कहा कि इराक़ सारी दुनिया की ओर से दाइश से युद्ध कर रहा है।
मंगलवार की शाम एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इराक़ी प्रधानमंत्री ने इराक़ी सुरक्षा बलों से कहा कि वह आम नागरिकों की जान की हर क़ीमत पर रक्षा करें क्योंकि आतंकवादी अपनी पराजय का बदला लेने के लिए आतंकी हमले तेज़ करेंगे।
इराक़ी बल मूसिल नगर के क्षेत्रों को एक एक करके आज़ाद कराते जा रहे हैं और दाइशी आतंकी पीछे हट रहे हैं कि क्योंकि मूसिल की लड़ाई में बहुत बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए हैं।
दूसरी ओर स्वयंसेवी बल के कमांडर हादी अलआमेरी ने कहा कि मूसिल आप्रेशन के तहत इस समय हमने बहुत बड़ी कार्यवाही शुरू की है जिसे पूरा कर लेने के बाद करकूक प्रांत के हुवैजा शहर का रुख़ करेंगे जहां दाइश संगठन हमले कर रहा है।