सीरिया, सेना की कार्यवाही में सैकड़ों आतंकी ढेर
सीरिया के सैन्य सूत्रों ने उत्तरी सीरिया के पूर्वी हलब के उपनगरीय क्षेत्रों में सेना और स्वयं सेवी बलों के व्यापक हमलों के आरंभ होने और पूर्वी सीरिया के दैरिज़्ज़ूर में दाइश के सैकड़ों आतंकियों के मारे जाने की सूचना दी है।
तसनीम न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार, सरिया की सेना और प्रतिरोधकर्ता गुटों ने गुरुवार को पूर्वी हलब के उपनगरीय क्षेत्रों में अपनी कार्यवाही आंरभ की। सेना ने इस कार्यवाही के पहले चरण में ख़नासिर क्षेत्र के उपनगरीय क्षेत्रों इफ़रीन, उम्मे मियाल और अलजदीदा गांवों को आतंकियों के साथ भीषण झड़पों के बाद स्वतंत्र करा लिया है।
सीरिया की सेना ने हलब - ख़नासिर- असरिया राजमार्ग को भी स्वतंत्र करा लिया है। इस कार्यवाही में दर्जनों आतंकी मारे गये हैं।
इसी मध्य आतंकी गुट नूरुद्दीन ज़ंकी का सरग़ना अब्दुल फ़त्ताह मंसूर पश्चिमी हलब के उपनगरीय अलबूहूस क्षेत्र में अपने ठिकाने में सेना के तोपख़ाने के हमले में मारा गया।
इसी प्रकार सीरिया के पूर्वी प्रांत दैरिज़्जूर में सीरियाई और रूसी सेना के युद्धक विमानों की भीषण बमबारी के बाद आतंकी गुट दाइश के व्यापक हमले रुक गये हैं। इन हमलों में पिछले दो दिनों के दौरान चार सौ से अधिक आतंकी मारे गये हैं।
सीरिया की सेना ने इसी प्रकार पूर्वी ग़ोता के वादिए बरदा नामक क्षेत्र के अबू सालिम पास और तमामा वादी को आतंकियों के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया है। सेना की इस सफलता से आतंकियों का घेरा और भी तंग हो गया है।
इसी मध्य सीरियाई सेना के युद्ध विमानों ने हुम्स में शायर और हवीसीस फ़ील्ड, तदमुर और दौरा तथा सख़्ना में आतंकियों के ठिकानों पर भीषण बमबारी की।
सीरिया की सेना ने हुम्स के टीफ़ोर हवाई अड्डे से दाइश के आतंकियों को पीछे हटने पर विवश कर दिया है। (AK)