सीरिया संकट का समाधान बश्शार असद के बिना असंभवः तुर्की
तुर्की के उप प्रधानमंत्री ने कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत सीरिया संकट का समाधान वहां के राष्ट्रपति असद की सम्मिलित के बिना असंभव है।
मुहम्मद शमशीक ने कहा कि अब क्षेत्र की परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि एेसे में तुर्की इस बात पर बल नहीं दे सकता कि बश्शार असद के बिना सीरिया संकट का समाधान किया जाए।
तुर्की की ओर से यह बात एेसी स्थिति में कही जा रही है कि जब इससे पहले वह कई बार कह चुका है कि सीरिया संकट को हल करने के लिए बश्शार असद को इस प्रक्रिया से अलग रखा जाए। इसके अतिरिक्त तुर्की की ओर से नुस्रा फ्रंट और दाइश जैसे आतंकवादी संगठनों का समर्थन भी किया जाता रहा है।
इस प्रकार बश्शार असद के बारे में तुर्की सरकार का नया दृष्टिकोण यह दर्शाता है कि अंकारा अपनी पुरानी नीति से हट रहा है। इससे पता चलता है कि सीरिया संकट का समाधान बलपूर्वक संभव नहीं है बल्कि उसे कूटनीति के माध्यम से ही हल किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि इसी बीच तुर्की की अनातोली समाचार एजेन्सी ने रिपोर्ट दी है कि तुर्की के उप प्रधानमंत्री मुहम्मद शमशीक के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। इससे पहले स्पूतनिक समाचार एजेन्सी ने तुर्की के उप प्रधानमंत्री के हवाले से रिपोर्ट दी थी कि तुर्की अब बश्शार असद के सत्ता से हटाए जाने पर बल नहीं देगा।