सऊदी अरब के हमले का यमनी फ़ोर्सेज़ की ओर से जवाब
यमन पर सऊदी अरब के जारी हमले के जवाब में यमनी फ़ोर्स की कार्यवाही में एक सऊदी सैनिक मारा गया।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, यमनी सेना और स्वयंसेवी बल की स्नाइपर इकाई ने सऊदी अरब के हमलों के जवाब में सोमवार को सऊदी अरब के दक्षिणी भाग असीर में इस सऊदी सैनिक को मारा।
इसी के साथ ही यमनी फ़ोर्सेज़ की मीज़ाईल ईकाई की कार्यवाही में सऊदी अरब के दक्षिणी क्षेत्र नजरान और जीज़ान में सऊदी सेना के कई मोर्चे तबाह हो गए। इस कार्यवाही में सऊदी सेना के सैन्य उपकरण भी तबाह हो गए।
उधर सऊदी युद्धक विमानों ने उत्तरी यमन के जौफ़ प्रांत के ग़ैल ज़िले पर 8 बार बमबारी की। सऊदी युद्धक विमानों ने इसी प्रकार पश्चिमी यमन के हुदैदा प्रांत के ख़ूख़ा क़स्बे में स्थित हैमा बंदरगाह पर 3 बार और सलीफ़ इलाक़े पर 4 बार हमला किया।
अतिक्रमणकारी सऊदी युद्धक विमानों ने यमन के उत्तर में स्थित नेहम क़स्बे के हरीब नेहम इलाक़े पर प्रतिबंधित कलस्टर बम बरसाए।
इससे पहले मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स वॉच ने “ग़ैर क़ानूनी हमले में अमरीका निर्मित बम के इस्तेमाल” के बारे में रिपोर्ट में कहा है कि सऊदी अरब प्रतिबंधित बम से यमनी जनता का जनसंहार कर रहा है।
आले सऊद शासन 26 मार्च 2015 से अमरीका के इशारे पर यमन पर हमला कर रहा है। इन हमलों में अब तक हज़ारों बेगुनाह हताहत और कम से कम 30 लाख लोग बेघर हुए हैं। (MAQ/N)