पश्चिमी हलब में सेना का व्यापक अभियान, आतंकी फ़रार
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i37632-पश्चिमी_हलब_में_सेना_का_व्यापक_अभियान_आतंकी_फ़रार
सीरिया की सेना शुक्रवार को हलब प्रांत के कई अन्य पश्चिमी क्षेत्रों को आतंकियों के नियंत्रण से स्वतंत्र कराने में सफल रही।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Mar ०३, २०१७ २२:४३ Asia/Kolkata
  • पश्चिमी हलब में सेना का व्यापक अभियान, आतंकी फ़रार

सीरिया की सेना शुक्रवार को हलब प्रांत के कई अन्य पश्चिमी क्षेत्रों को आतंकियों के नियंत्रण से स्वतंत्र कराने में सफल रही।

सीरिया के सरकारी सूत्रों के हवाले से फ़ार्स न्यूज़ एजेन्सी ने रिपोर्ट दी है कि इस कार्यवाही में सीरिया की सेना और स्वयं सेवी बलों ने उत्तरी सीरिया के हलब प्रांत के पश्चिम में स्थित शहीद जेहाद और शुहैना क्षेत्रों में आतंकी गुट को भारी नुक़सान पहुंचाया।

सीरिया की वायु सेना ने भी इसी प्रकार  हलब प्रांत के कई क्षेत्रों पर आतंकियों के ठिकाने पर भीषण बमबारी की। इसी मध्य सीरिया की सेना ने पालमीरा या तदमुर क्षेत्र के आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीरिया की सेना ने गुरुवार को आधिकारिक रूप से तदमुर की स्वतंत्रता की घोषणा की थी।

दूसरी ओर स्पूतनिक समाचार एजेन्सी ने रिपोर्ट दी है कि रूसी सेना के आप्रेशनल कमान्ड के प्रमुख सर्गेई रोडस्कोई ने कहा है कि दस हज़ार सीरियाई शरणार्थी, आतंकियों के नियंत्रण से स्वतंत्र होने वाले पूर्वी हलब के क्षेत्रों में अपने घरों को वापस हो गये हैं।

सीरिया की सेना ने जनवरी 2017 के अंत में पूर्वी हलब की स्वतंत्रता का व्यापक अभियान आरंभ किया था जिसके अंतर्गत अब तक दसियों गांव और बस्तियां स्वतंत्र हो चुकी हैं। (AK)