यमनी फ़ोर्सेज़ के जवाबी हमले में 3 सऊदी सैनिक मारे गए
यमन पर सऊदी अरब का अतिक्रमण जारी है। इस अतिक्रमण के जवाब में यमनी सैनिकों और स्वयंसेवी बल की संयुक्त कार्यवाही में 3 सऊदी सैनिक मारे गए।
इरना के अनुसार, यमनी सैनिकों और स्वयंसेवी बल के जवानों ने सऊदी अरब के दक्षिणी क्षेत्र नजरान में सोमवार तड़के कार्यवाही की जिसमें 3 सैनिक मारे गए और उनका वाहन नष्ट हो गया।
दूसरी ओर सऊदी अरब के यमन से मिले सीमावर्ती क्षेत्र जीज़ान के ‘मोअन्नक़’ इलाक़े में एक सऊदी सैनिक यमनी स्नाइपर के हाथों मारा गया।
इसी प्रकार यमनी सेना और स्वयंसेवी बल की तोपख़ाना इकाई ने जीज़ान के “अलबैतुल अब्यज़” सैन्य क्षेत्र में उस स्थान पर गोलाबारी की जहां सऊदी सैनिक इकट्ठा थे।
यमनी सेना और स्वयंसेवी बल की मीज़ाईल इकाई ने असीर शहर के अलब पास के पीछे उस स्थान को “ज़िलज़ाल-2” मीज़ाईल से निशाना बनाया, जहां सऊदी सैनिक इकट्ठा थे। रिपोर्ट के अनुसार, यह मीज़ाईल बड़ी सूक्ष्मता से लक्ष्य पर लगा।
इस बीच यमन के एक गुप्तचर सूत्र ने समाचार एजेंसी फ़ार्स से इंटर्व्यू में बताया कि यमनी सुरक्षा तंत्र ने देश के उत्तरी भाग में सऊदी अरब के उस षड्यंत्र को नाकाम बना दिया, जिसका लक्ष्य अलक़ाएदा का समर्थन कर आतंकियों की सोई हुयी सेल को सक्रिय करना और यमन का अमरीका द्वारा अतिग्रहण का मार्ग समतल करना था।
ग़ौरतलब है कि यमन पर सऊदी अरब के अतिक्रमण के 2 साल पूरे होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। सऊदी अरब 26 मार्च 2015 से यमन पर हमले कर रहा है, जिसके नतीजे में अब तक 38000 से ज़्यादा नागरिक हताहत व घायल हुए हैं। सऊदी अरब के हवाई हमलों में यमन के 80 फ़ीसद से ज़्यादा मूल ढांचे तबाह हो चुके हैं और दसियों लाख नागरिक विस्थापित हुए हैं। (MAQ/N)