सीरिया में आतंकवादियों के साथ ज़ायोनी सेना की कार्यवाही का रहस्योद्धाटन
ज़ायोनी शासन का कहना है कि सीरिया के भीतर उसके सैन्य अभियान की कोई सीमा नहीं है और उसकी इस योजना के स्तर से अरब देश भी अवगत हैं।
अल आलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री के प्रवक्ता ओवियर गोन्डलमैन ने कहा कि सीरिया में इस्राईली सैन्य कार्यवाही की कोई सीमा नहीं है और अरब देश भी इससे पूरी तरह अवगत हैं।
इस्राईली प्रधानमंत्री के प्रवक्ता ने कहा कि इस्राईल, हिज़्बुल्लाह तक ईरान के रणनैतिक हथियारों को पहुंचने से रोकने के लिए हर प्रकार की कार्यवाही करेगा क्योंकि वह गोलान हाइट्स पर ईरान की उपस्थिति को कदापि स्वीकार नहीं करेगा।
गोन्डलमैन ने मास्को में रूसी राष्ट्रपति विलादीमीर पुतीन के साथ ज़ायोनी प्रधानमंत्री बिनयामीन नेतेनयाहू की हालिया मुलाक़ात और सीरिया में ईरान की उपस्थिति के विषय की समीक्षा के बारे में कहा कि नितेनयाहू ने रूसी राष्ट्रपति पुतीन से कहा कि वह गोलान हाइट्स पर इस्राईल की उपस्थिति को आधिकारिक रूप से स्वीकार करें।
रूसी राष्ट्रपति विलादीमीर पुतीन के मीडिया प्रभारी ने इससे पहले इस बात का खंडन किया था कि सीरिया के गोलान हाइट्स के क्षेत्र में हिज़्बुल्लाह के ठिकाने पर हमले के लिए रूस और इस्राईल के मध्य सहमति बन गयी है। दिमित्री पेस्कोफ़ ने स्पष्ट किया था कि रूस इस बात की अनुमति नहीं देगा कि हिज़्बुल्लाह के ठिकाने तबाह करने के लिए यह क्षेत्र इस्राईल के युद्धक विमानों का अड्डा बन जाए।
गोलान हाइट्स में इस्राईल आतंकवादियों के साथ भरपूर सहयोग कर रहा है और आतंकियों की भरपूर वित्तीय और सामरिक सहायता के साथ घायल आतंकियों का उपचार भी इस्राईली अस्पतालों में हो रहा है। (AK)