सऊदी अरब, क़तर और तुर्की इस्लामी देश ही नहीं हैंः सीरिया
सीरिया के वक़्फ़ मंत्री ने बल देकर कहा है कि सऊदी अरब, क़तर और तुर्की इस्लामी देश नहीं हैं बल्कि संसार में आतंकवाद के विचार फैलाने वाले अगुवा देश हैं।
मुहम्मद अब्दुस्सत्तार ने दमिश्क़ के बाबुस्सग़ीर क्षेत्र में शनिवार को हुए आतंकी विस्फोटों की ओर संकेत करते हुए, जिनमें कम से कम 46 लोग शहीद हुए, कहा कि सऊदी अरब, क़तर और तुर्की, सीरिया में लोगों का जनसंहार कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर बल देते हुए कि सऊदी अरब, क़तर और तुर्की अपने विचार निर्यात करके संसार के लोगों की हत्या कर रहे हैं, कहा कि ये देश, इस्लाम धर्म की छवि बिगाड़ कर, इस्लाम के नाम पर अपने अपराधों का औचित्य पेश करना चाहते हैं।
सीरिया के वक़्फ़ मंत्री ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि आतंकी, अल्लाह का नाम लेकर इस प्रकार के जघन्य अपराध कर रहे हैं जबकि इस्लाम की सच्चाई कुछ और है कहा कि वहाबियत का भ्रष्ट मत, जिसका सरग़ना सऊदी अरब है और तुर्की व क़तर उसके पीछे पीछे चल रहे हैं, वास्तव में इस्लाम से द्वेष रखता है। मुहम्मद अब्दुस्सत्तार ने कहा कि आतंकी अपने आपको मुसलमान कहते हैं जबकि इस्लाम ने एक निर्दोष की हत्या को सभी लोगों की हत्या के समान बताया है। उन्होंने कहा कि ये अपराध दर्शाते हैं कि सीरिया व उसके घटकों की उपलब्धियों ने आतंकियों के दिल में घृणा व द्वेष पैदा कर दिया है जिसके परिणाम स्वरूप वे इस प्रकार की कायरतापूर्ण कार्यवाहियां कर रहे हैं। ज्ञात रहे कि शनिवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क़ के बाबुस्सग़ीर क्षेत्र में दो आतंकी विस्फोटों हुए थे, जिनमें 46 लोग शहीद और 120 घायल हो गए थे। (HN)