ईरान से वार्ता की ज़रूरत पर कुवैत नरेश का बल
कुवैत नरेश ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा व स्थिरता की स्थापना के लिए इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ वार्ता और सहयोग में वृद्धि की ज़रूरत पर बल दिया है।
शैख़ सबाह अलअहमद अलजाबिर अस्सबाह ने बुधवार को जाॅर्डन में अरब संघ के 28वें शिखर सम्मेलन में भाषण करते हुए कहा कि देशों की संप्रभुता का सम्मान और पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंधों का पालन, क्षेत्र में स्थिरता बनाने के लिए अरब देशों और ईरान के बीच सकारात्मक वार्ता का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। उन्होंने ज़ायोनी शासन को क्षेत्र में शांति स्थापना और इस संबंध में अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों को लागू किए जाने के मार्ग में सबसे बड़ी रुकावट बताया और कहा कि जो लोग अरब जगत की सुरक्षा के लिए ख़तरा बने हुए हैं उन्हें अवसर नहीं दिया जाना चाहिए।
शैख़ जाबिर अस्सबाह ने वर्तमान संकटों के समाधान के लिए अरब देशों के मध्य एकता को मज़बूत बनाए जाने की मांग की और कहा कि अरब देशों में जो मतभेद व्याप्त हैं उनके कारण इन देशों में फूट पड़ रही है। उन्होंने इसी तरह विश्व समुदाय को सीरिया संकट के समाधान में अक्षम बताया और कहा कि इस बारे में राजनैतिक प्रयास विफल रहे हैं और इसने शरणार्थियों की स्थिति पर बहुत बुरा प्रभाव डाला है। (HN)