क़तरी सशस्त्र बल को तय्यार रहने का आदेश
क़तर के शासक ने एक आदेश में देश के सशस्त्र बल को किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से निपटने के लिए तय्यार रहने के लिए कहा है।
इरना के अनुसार, इस आदेश में, जिसे क़तरी मीडिया ने तुरंत प्रसारित किया, कतरी प्रधान मंत्री अब्दुल्लाह बिन नासिर बिन ख़लीफ़ा आले सानी ने कहा, “देश के अमीर शैख़ तमीम बिन हमद की इजाज़त से क़तरी सशस्त्र बल को आदेश दिया जाता है कि वे फ़ार्स खाड़ी के जलक्षेत्र में तय्यार रहें और किसी भी प्रकार का विदेशी अतिक्रमण नज़र आने पर उससे निपटें।”
क़तरी प्रधान मंत्री ने इसी प्रकार आदेश दिया है कि सीमा सुरक्षा बल और तटरक्षक बल के जवान सशस्त्र बल से जुड़ जाएं ताकि हर प्रकार के सैन्य ख़तरे से निपटा जा सके।
क़तरी प्रधान मंत्री ने कहा कि बिना इजाज़त पूर्वी और पश्चिमी छोर से क़तर के जलक्षेत्र में दाख़िल होने वाली किसी भी सैन्य या असैन्य नौका को निशाना बनाएंगे।
क़तरी प्रधान मंत्री ने इस्लामी गणतंत्र ईरान से मिली संयुक्त सीमाओं की ओर से नौकाओं के प्रवेश को इस आदेश से अपवाद रखा है।
ग़ौरतलब है कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब इमारात, बहरैन और मिस्र ने सोमवार को क़तर के साथ राजनैतिक संबंध तोड़ लिए हैं। (MAQ/N)