क़स्साम ब्रिगेड ने रोहिंग्या मुसलमानों के समर्थन का एलान किया
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास की सैन्य शाखा ‘इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम’ ब्रिगेड ने म्यांमार के मुसलमानों के समर्थन में एक भव्य सैन्य परेड आयोजित की।
फ़िलिस्तीन इन्फ़ार्मेशन सेन्टर के अनुसार, ग़ज़्ज़ा पट्टी के ख़ान यूनुस की सड़कों पर यह परेड आयोजित हुयी। इस परेड के दौरान क़स्साम ब्रिगेड के वीरों के हाथ में ऐसे प्लेकार्ड्स थे जिनमें रोहिंग्या मुसलमानों के ख़िलाफ़ म्यांमार की सेना के अपराध की भर्त्सना की गयी है।
क़स्साम ब्रिगेड के अधिकारियों ने म्यांमार के मुसलमानों के ख़िलाफ़ अपराध को रुकवाने के लिए विश्ववासियों से तुरंत हरकत में आने की अपील करते हुए बल दिया कि रोहिंग्या मुसलमानों के ख़िलाफ़ जो हो रहा है वह मानवता के ख़िलाफ़ अपराध है।
उन्होंने कहा कि ग़ज़्ज़ावासी, जो ज़ायोनी शासन की ओर से 3 जंगों का सामना कर चुके हैं, म्यांमार के मुसलमानों की पीड़ा को समझते हुए उनसे एकता व हमदर्दी का एलान करते हैं।
ग़ौरतलब है कि म्यांमार की सेना 25 अगस्त 2017 से इस देश के पश्चिमी प्रांत राख़ीन में रोहिंग्या मुसलमानों का जनसंहार कर रही है। म्यांमार के सैनिक अब तक 6000 से ज़्यादा रोहिंग्या मुसलमानों का जनसंहार कर चुके हैं। म्यांमार के सैनिकों के अत्याचार के कारण 4 लाख से ज़्यादा रोहिंग्या मुसलमान बंग्लादेश की ओर पलायन कर चुके हैं। (MAQ/N)