सीरियाई सेना दैरुज़्ज़ूर प्रांत में फ़ुरात नदी के उस पार पहुंची
-
सीरियाई सैनिक 11 सितंबर 2017 को पूर्वी शहर दैरुज़्ज़ूर की ओर बढ़ते हुए जीत का चिन्ह दिखाते हुए (एएफ़पी के सौजन्य से)
रूस ने कहा है कि सीरियाई सैनिक दैरुज़्ज़ूर प्रांत को दाइश के क़ब्ज़े से आज़ाद कराने के लिए जारी अभियान में फ़ुरात नदी के उस पार पहुंच गए हैं। इस दौरान उन्होंने अमरीका समर्थित आतंकियों के गुट एसडीएफ़ की गीदड़ भपकियों को कोई अहमियत नहीं दी।
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ख़ारोवा ने शुक्रवार को बताया कि सीरियाई सेना फ़ुरात नदी के पूर्वी छोर पर मौजूद थी।
एसडीएफ़ के कमान्डर अहमद अबू ख़ौला ने इससे पहले कहा था कि यह गुट सीरियाई सेना को फ़ुरात नदी के पूर्वी तट जाने नहीं देगा।
दैरुज़्ज़ूर इस समय बहुत अहम रणक्षेत्र है। दाइश ने सीरिया में दूसरे स्थानों पर मिल रही हार के मद्देनज़र अपने आतंकियों और भारी हथियारों को दैरुज़्ज़ूर प्रांत पहुंचा दिया है। दैरुज़्ज़ूर में उस ज़मीनी पट्टी की आज़ादी जिसकी सीमा इराक़ से मिलती है, बहुत अहमयित रखती है क्योंकि इसकी आज़ादी से ही तकफ़ीरी आतंकियों की सीरिया-इराक़ के बीच सीमापार से आवाजाही को रोका जा सकेगा।
दूसरी ओर सीरिया के तेल से सबसे समृद्ध दैरुज़्ज़ूर प्रांत पर नियंत्रण से इस देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में मदद मिलेगी।
ग़ौरतलब है कि इस महीने के शुरु में सीरियाई सेना घटक फ़ोर्सेज़ के साथ दैरुज़्ज़ूर प्रांत के केन्द्र दैरुज़्ज़ूर की तीन साल से जारी नाकाबंदी तोड़ने में सफल हुयी। यह शहर फ़ुरात नदी के पश्चिमी किनारे पर स्थित है। (MAQ/N)