सीरिया, दमिश्क़ के पास धमाका, कई हताहत
सीरिया की राजधानी दमिश्क़ के दो क्षेत्रों में होने वाले दो धमाकों में एक व्यक्ति हताहत और कम से कम दस लोग घायल हो गये।
स्पूतनिक समाचार एजेन्सी ने सीरिया की पुलिस के हवाले से रिपोर्ट दी है कि आतंकवादियों ने गुरुवार को दमिश्क़ के जोबर और सबआ स्क्वायर पर राकेट मारा जिसमें आम नागरिकों को भारी नुक़सान पहुंचा है।
दमिश्क़ पुलिस ने कुछ दिन पहले भी राजधानी दमिश्क़ पर आतंकवादियों के राकेट हमले में 16 से अधिक लोगों के हताहत व घायल होने की सूचना दी थी।
जुलाई वर्ष 2017 में पूर्वी ग़ोता में तनावरहित क्षेत्र बनाने के मुद्दे पर होने वाले समझौते से अब तक आतंकवादियों ने कई बार दमिश्क़ और उसके उपनगरीय क्षेत्रों पर मार्टर गोलों और राकेटों से हमले किए हैं और समझौते का उल्लंघन किया है।
अमरीका, सऊदी अरब और कुछ देशों के समर्थन प्राप्त आतंकियों ने वर्ष 2011 से व्यापक हमले करके सीरिया के विभिन्न क्षेत्रों को अशांत कर दिया था किन्तु हालिया दिनों में सीरिया की सेना और स्वयं सेवी बलों ने आतंकवादियों से देश के अधिकतर क्षेत्रों को स्वतंत्र करा लिया है जिसके बाद आतंकवादियों ने आम नागरिकों को निशाना बनाना आरंभ कर दिया है।
सीरिया में आतंकवादियों की पराजय के बाद अमरीका और उसके कुछ घटकों ने सीरिया में सक्रिय आतंकवादियों को शरण देनी आरंभ कर दी है। (AK)