अमरीका और इस्राईल ज़माने के शैतान हैंः अब्दुल मलिक अलहूसी
यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह के महासचिव सैयद अब्दुल मलिक अलहूसी ने अमरीका और ज़ायोनी शासन को समय का शैतान बताया है और इनसे बचने की आवश्यकता पर बल दिया है।
मेहर न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह के महासचिव सैयद अब्दुल मलिक अलहूसी ने रविवार की रात कहा कि अमरीका और इस्राईल, ज़माने के शैतान हैं जो लोगों पर क़ब्ज़ा जमाने का प्रयास कर रहे हैं और इनसे मुक़ाबला किया जाना चाहिए।
यमन के जनांदोलन के महासचिव ने कहा कि हर ज़माने में शैतान होते हैं और उनका लक्ष्य लोगों को ईश्वरीय संदेश से दूर करना होता है।
अब्दुल मलिक अलहूसी ने कहा कि यमन की कठिन आर्थिक स्थिति के सबसे पहले ज़िम्मेदार, दुश्मन और हमलावर हैं और कुछ लोग निर्णायक युद्ध की भूमिका की अनदेखी करने का प्रयास कर रहे हैं जिसका सामना देश को है।
उन्होंने कहा कि यमन को भरपूर युद्ध का सामना है और समस्त यमनियों को दुश्मनों और हमलावरों का मुक़ाबला करना चाहिए और इन हालात में यमनी राष्ट्र के बीच सहयोग बहुत आवश्यक है।
सऊदी अरब ने अमरीका, संयुक्त अरब इमारात और कई देशों के समर्थन से मार्च 2015 से हमला करके यमन का ज़मीनी, हवाई और समुद्री परिवेष्टन कर रखा है।
सऊदी अरब द्वारा यमन पर थोपे गये युद्ध के कारण 13 हज़ार से अधिक लोग हताहत और दसियों हज़ार लोग घायल हो चुके हैं जबकि इस देश में खाद्य पदार्थों और दवाओं की कमी का सामना है और विभिन्न प्रकार की घातक बीमारियां फैल रही हैं। (AK)