क़ुद्स फ़िलिस्तीन की राजधानी रहेगाः साद हरीरी
लेबनान के प्रधानमंत्री साद हरीरी ने एक बार फिर क़ुद्स के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के फैसले की भर्त्सना की है और बल देकर कहा है कि क़ुद्स फिलिस्तीन की राजधानी है।
समाचार एजेन्सी इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार साद हरीरी ने फिलिस्तीन विरोधी ट्रम्प के हालिया फैसले की प्रतिक्रिया में ट्वीट पर लिखा कि बैरूत क़ुद्स को फ़िलिस्तीन की राजधानी जानता है और वह फिलिस्तीनी भूमि की वास्तविकता और जनता के साथ रहेगा।
लेबनान के प्रधानमंत्री ने इससे पहले फिलिस्तीन के खिलाफ अमेरिकी राष्ट्रपति के फैसले का विरोध किया और बल देकर कहा था कि बैरूत उच्च स्तर पर फिलिस्तीनी राष्ट्र के साथ एकजुटता की घोषणा करता है और साथ ही वह एक स्वतंत्र फिलिस्तीनी राष्ट्र के प्रति एकजुटता की घोषणा करता है जिसकी राजधानी क़ुद्स होगा।
शुक्रवार को मध्यपूर्व के दूसरे नगरों की भांति बैरूत में भी ट्रम्प के हालिया फैसले के खिलाफ और फिलिस्तीनी जनता की आकांक्षा के समर्थन में विस्तृत पैमाने पर प्रदर्शन हुए थे।
लेबनान के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हिज्बुल्लाह के महासचिव सैयद हसन नसरुल्लाह ने सोमवार को दक्षिणी बैरूत में एक बार फिर प्रदर्शन का आह्वान किया है। MM