ट्रम्प बैतुल मुक़द्दस के बारे में अपना फ़ैसला रद्द करेंः हमास
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i54005-ट्रम्प_बैतुल_मुक़द्दस_के_बारे_में_अपना_फ़ैसला_रद्द_करेंः_हमास
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के राजनैतिक कार्यालय ने कहा है कि हमास, बैतुल मुक़द्दस को इस्राईल की राजधानी स्वीकार करने के अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के फ़ैसले को समाप्त कराने का दृढ़ संकल्प रखता है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec १५, २०१७ १९:३२ Asia/Kolkata
  • ट्रम्प बैतुल मुक़द्दस के बारे में अपना फ़ैसला रद्द करेंः हमास

फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के राजनैतिक कार्यालय ने कहा है कि हमास, बैतुल मुक़द्दस को इस्राईल की राजधानी स्वीकार करने के अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के फ़ैसले को समाप्त कराने का दृढ़ संकल्प रखता है।

अलक़ुद्सुल अरबी समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार हमास की राजनैतिक शाखा के प्रमुख इस्माईल हनिया ने नमाज़े जुमा के बाद कहा कि फ़िलिस्तीनियों को बड़ी चुनौती का सामना है जिसने उनकी पहचान, बैतुल मुक़द्दस, मस्जिदुल अक़सा, उनकी प्रतिष्ठा और सम्मान को निशाना बनाया है।

उनका कहना था कि ट्रम्प के फ़ैसले को समाप्त कराने के लिए फ़िलिस्तीनी जनता के बीच प्रतिरोध और इंतेफ़ाज़ा के सिद्धांत और इसकी नीति के बारे में एकता की आवश्यकता है।

हमास की राजनैतिक शाखा के प्रमुख इस्माईल हनिया ने कहा कि हमास आंदोलन राष्ट्रीय एकता के विकल्प पर प्रतिबद्ध है और इस मार्ग में मौजूद समस्त रुकावटों को दूर करने के लिए व्यवहारिक कार्यवाही करेगा।

उन्होंने बल दिया कि अब मतभेदों को समाप्त कर देना चाहिए क्योंकि यह ख़तरा समस्त फ़िलिस्तीनियों के लिए है।

इस्माईल हनिया ने फ़त्ह आंदोलन को बैतुल मुक़द्दस की राजधानी वाली फ़िलिस्तीन सरकार के गठन और राष्ट्रीय लक्ष्यों को व्यवहारिक करने के लिए राष्ट्रीय रणनीति बनाने का निमंत्रण दिया।

शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद फ़िलिस्तीन के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनों में फ़िलिस्तीन के वरिष्ठ नेताओं ने भी भाग लिया। (AK)