नेतनयाहू के ख़िलाफ़ तेलअवीव में विशाल प्रदर्शन
तेलअवीव में हज़ारों लोगों ने ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री नेतनयाहू और इस शासन के कैबिनेट मंत्रियों के ख़िलाफ़ विशाल प्रदर्शन किया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार इस्राईल में हज़ारों लोग शनिवार और रविवार को मध्य रात्रि में तेलअवीव की सड़कों पर निकल आए और इस शासन के प्रधानमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के ख़िलाफ़ जमकर नारे बाज़ी की। प्रदर्शनकारी, नेतनयाहू और उनके कैबिनेट मंत्रियों द्वारा किए जा रहे वित्तीय भ्रष्टाचार से नाराज़ हैं।
तेलअवीव की सड़कों पर इकट्ठा प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि नेतनयाहू और उनकी कैबिनेट के सदस्यों को बर्ख़ास्त करके उनके ख़िलाफ़ मुक़द्दमा चलाया जाए।
लगातार 6 सप्ताह से हो रहे प्रदर्शनों में शामिल प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में ऐसे प्लेकार्ड उठा रखे थे जिसपर लिखा था कि “भ्रष्टाचारियों अपने घर जाओ” “नेतनयाहू और उनके कैबिनेट के सदस्यों की जगह जेल है”
उल्लेखनीय है कि इसी तरह के विरोध-प्रदर्शन हैफ़ा और अफ़ूला शहरों में भी हुए हैं। याद रहे कि ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री नेतनयाहू और उनकी पत्नी से अबतक भ्रष्टाचार के मामले में कई बार इस शासन की पुलिस पूछताछ कर चुकी है। (RZ)