सऊदी सुरक्षाबलों ने एक और शिया युवक को गोलियों से भूना
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i56025-सऊदी_सुरक्षाबलों_ने_एक_और_शिया_युवक_को_गोलियों_से_भूना
आले सऊद शासन के सुरक्षा बलों द्वारा इस देश के शिया बाहुल्य क्षेत्र अलअवामिया के लोगों पर किए जा रहे अत्याचारों का सिलसिला जारी है। ताज़ा घटना में सऊदी सुरक्षा बलों ने एक शिया युवक को गोलियों से भून कर शहीद कर दिया।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan १६, २०१८ १७:१३ Asia/Kolkata
  • सऊदी सुरक्षाबलों ने एक और शिया युवक को गोलियों से भूना

आले सऊद शासन के सुरक्षा बलों द्वारा इस देश के शिया बाहुल्य क्षेत्र अलअवामिया के लोगों पर किए जा रहे अत्याचारों का सिलसिला जारी है। ताज़ा घटना में सऊदी सुरक्षा बलों ने एक शिया युवक को गोलियों से भून कर शहीद कर दिया।

प्राप्त समाचारों के अनुसार सऊदी अरब के पूर्वी शहर अलअवामिया के नागरिकों के ख़िलाफ़ आले सऊद शासन द्वारा किए जा रहे अत्याचारों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इस शिया बाहुल्य शहर के निवासियों को ज़बरदस्ती शहर छोड़ने पर मजबूर किया जा रहा है साथ ही जो नागिरक शहर छोड़ने पर राज़ी नहीं होता तो उसको सऊदी सुरक्षा बल मौत के घाट उतार देते हैं। मंगलवार को भी ऐसी ही एक घटना देखने को मिली जब सऊदी सुरक्षा बलों ने एक शिया युवक पर गोलियों की बौछार कर दी। यह शिया युवक मौक़े पर ही शहीद हो गया।

याद रहे कि इससे पहले भी सऊदी सैनिकों ने अलअवामिया शहर पर हमला करके “सलमान अलफ़रज” नामक नागरिक को गोलियों से भून डाला था। सलमान को मारने के बाद सऊदी सुरक्षा बलों ने सलमान के घर पर हमला करके उनकी पत्नी और उसके परिवार के दूसरे लोगों को गरिफ़्तार कर लिया था।

उल्लेखनीय है कि अलअवामिया शहर सहित पूर्वी सऊदी अरब के अन्य शिया बाहुल्य शहरों और क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से आले सऊद शासन ने बड़ी संख्या में सैनिकों और सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर रखा है। सऊदी शासन ने पूर्वी सऊदी अरब के अधिकतर क्षेत्रों को सैन्य छावनी में बदल दिया है।

ज्ञात रहे कि अलअवामिया और पूर्वी शहरों के निवासियों ने वर्ष 2011 से आले सऊद सरकार की क्रूर और भेदभाव एवं अपमानजनक नीतियों के ख़िलाफ़ शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू कर रखा है। इन शांतिपूर्ण आंदोलनों को कुचलने के उद्देश्य से  सऊदी सैनिकों ने अब तक दर्जनों शिया नागरिकों को मौत के घाट उतार दिया है, जबकि सैकड़ों लोगों को गरिफ़्तार किया जा चुका है और साथ ही इस शहर के लोगों को इस बात के लिए मजबूर किया जा रहा है कि वे शहर छोड़कर कहीं और चले जाएं। (RZ)