इस्राईली सैनिकों ने किया 20 फ़िलीस्तीन युवकों का अपहरण
अतिग्रणकारी ज़ायोनी शासन के सैनिकों ने फ़िलिस्तीन के बैतुल मुक़द्दस और पश्चिमी जॉर्डन शहर पर हमला करके कम से कम 20 फ़िलिस्तीनी युवकों का अपहरण कर लिया है।
फ़िलिस्तीनी सूचना केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक़ सैकड़ों की संख्या में इस्राईली सैनिकों ने फ़िलिस्तीनी बस्तियों पर हमला किया है। ज़ायोनी सैनिक दो दर्जन फ़िलिस्तीनी युवकों का अपहरण करके उनको अज्ञात स्थान पर लेकर गए हैं।
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, ज़ायोनी शासन के सैनिकों ने फ़िलिस्तीन के जेनीन में स्थित वाद बरक़ीन क्षेत्र में मौजूद फ़िलिस्तीनियों के घरों पर हमला करके कई घरों में आग लगा दी है।
दूसरी ओर अमेरिका के उप राष्ट्रपति माइक पेंस के अतिग्रहित फ़िलिस्तीन दौरे के ख़िलाफ़ बुधवार को भी फ़िलिस्तीनी जनता का विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। हज़ारों की संख्या में एकत्रित हुए फ़िलीस्तीनियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उप राष्ट्रपति माइक पेंस सहित ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री नेतनयाहू का पुतला भी फूंका।
ज्ञात रहे कि फ़िलिस्तीनी जनता पिछले कुछ दिनों से अमेरिकी उप राष्ट्रपति की प्रस्तावित इस्राईल यात्रा के विरोध में ज़बरदस्त विरोध-प्रदर्शन कर रही है। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फ़िलिस्तीन की राजधानी बैतुल मुक़द्दस को ज़ायोनी शासन की राजधानी घोषित किया है और अपना दूतावास तेलअवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने की घोषणा की है। (RZ)