अमरीका, सीरिया में आतंकवादियों को जमा कर रहा हैः रूस
रूस के रक्षामंत्रालय ने रहस्योद्धाटना किया है कि सीरिया में आतंकियों को ट्रेनिंग देने और उनको जमा करने के लिए अमरीका नया षड्यंत्र कर रहा है।
स्पूतनिक समाचार एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार रूस के रक्षामंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि अमरीका के विशेष सैनिक दस्ते, सीरिया में शांति प्रक्रिया को नुक़सान पहुंचाने के उद्देश्य से सीरिया में आतंकवादियों को प्रशिक्षित और उन्हें जमा कर रहे हैं।
इस बयान में आया है कि आतंकवादी सीरिया के दक्षिणी क्षेत्र तनफ़ में स्थित एक छावनी में अमरीका के विशेष सैन्य दस्तों की निगरानी में ट्रेनिंग हासिल कर रहे हैं। इस बयान में कहा गया है कि सीरिया के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यवाही के लिए आतंकवादियों को दिशा निर्देश दिए गये हिैं।
रूस के रक्षामंत्रालय के बयान में आया है कि यह साबित हो चुका है कि अमरीका, सीरिया में शांति प्रक्रिया को बाधित करने और राजनैतिक प्रक्रिया में विघ्न पैदा करने के लिए आतंकवादियों की सैन्य और वित्तीय सहायता कर रहा है।
ज्ञात रहे कि सीरिया संकट के आरंभ से ही अमरीका और उसके क्षेत्रीय घटक, बश्शार असद की सरकार को गिराने के लिए सीरिया में सक्रिय आतंकवादियों की भरपूर सहायता कर रहे हैं। (AK)