इस्राईली प्रधानमंत्री के सितारे गरदिश में
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i57739-इस्राईली_प्रधानमंत्री_के_सितारे_गरदिश_में
इस्राईल के कट्टरपंथी प्रधानमंत्री बिनयामिन नेतनयाहू के सितारे गरदिश में हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb १४, २०१८ ०६:२३ Asia/Kolkata
  • इस्राईली प्रधानमंत्री के सितारे गरदिश में

इस्राईल के कट्टरपंथी प्रधानमंत्री बिनयामिन नेतनयाहू के सितारे गरदिश में हैं।

जहां एक ओर सीरिया और लेबनान की सीमा से उनके लिए बुरी ख़बरें आ रही हैं और इस्राईली की विफलता और अक्षमता का विषय चर्चा में है वहीं नेतनयाहू पर मुक़द्दमा शुरू करने की तैयारी हो रही है।

मीडिया में पुलिस का बयान आ गया है जिससे पता चलता है कि इसराइली पुलिस प्रधानमंत्री बिनयामिन नेतनयाहू पर रिश्वत लेने, धोखाधड़ी करने और भरोसा तोड़ने के आरोपों में मुक़दमा दायर करने का इरादा रखती है।

पुलिस का दावा है कि उसके पास नेतनयाहू के ख़िलाफ़ मुक़द्दमा दायर करने के लिए पर्याप्त सुबूत हैं। नेतनयाहू पर आरोप है कि उन्होंने एक अख़बार येदिओत अहारोनोत के मालिक से एक प्रतिद्ंवद्वी प्रकाशक पर दबाव बनाने के बदले सकारात्मक कवरेज करने को कहा। पुलिस कहती है कि अख़बार के संपादक आरनन मोज़ेस पर भी मुक़दमा चलना चाहिए।

साल 2009 से इसराइल के प्रधानमंत्री पद पर आसीन नेतन्याहू पर एक और आरोप है कि उन्होंने हॉलीवुड निर्माता आर्नन मिलचन से क़रीब एक लाख डॉलर मूल्य के तोहफ़े लिए।

यरूशलम पोस्ट का कहना है कि इन तोहफ़ों में महंगी शराब और सिगार शामिल था जो प्रधानमंत्री को मिलचन को अमरीकी वीज़ा लेने में मदद के बदले दिए गए थे। पुलिस का कहना है कि मिलचन पर भी रिश्वत देने के आरोपों में मुक़दमा चलना चाहिए।

उधर इसराइल के सरकारी टीवी पर बोलते हुए नेतन्याहू ने कहा कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं और वो प्रधानमंत्री पद पर बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन आरोपों से कोई नतीजा नहीं निकलेगा।