नेतनयाहू पुलिस पूछताछ के बाद पड़े बीमार, अस्पताल में भर्ती
ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री नेतनयाहू से सोमवार को इस्राईली पुलिस ने भ्रष्टाचार के मामले में पूछताछ की थी जिसके बाद उनकी तबियत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस्राईली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री नेतनयाहू से सोमवार को इस्राईली पुलिस ने भ्रष्टाचार के मामले में पूछताछ की थी जिसके बाद से ही वह डिप्रेशन में चले गए और उन्हें तेज़ बुखार आ गया और उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया है।
जिस अस्पताल में इस्राईल के प्रधानमंत्री को भर्ती कराया गया है वहां के ही एक डॉक्टर ने अपना नाम ज़ाहिर नहीं करने की शर्त पर इस्राईली समाचार पत्र को बताया है कि नेतनयाहू काफ़ी डिप्रेशन में हैं जिसकी वजह से उन्हें तेज़ बुखार और खांसी बहुत आ रही है।
याद रहे कि दो सप्ताह पहले भी नेतनयाहू कुछ इसी तरह बीमार पड़े थे जिसके बाद उनको अस्पताल ले जाया गया था, डॉक्टरों का कहना है कि ज़ायोनी प्रधानमंत्री, पिछली बीमारी से पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाए थे शायद इसलिए भी इस बार उसी बिमारी का असर है, जबकि डॉक्टर अभी उनकी और जांच कर रहे हैं जिसकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
उल्लेखनीय है कि ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री नेतनयाहू उनकी पत्नी और उनके बेटे से वित्तीय भ्रष्टाचार के एक मामले में सोमवार को इस्राईली पुलिस द्वारा पूछताछ की गई थी जिसके बाद से ही नेतनयाहू बहुत डिप्रेशन में दिखाई दे रहे थे। नेतनयाहू पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का ग़लत फ़ायदा उठाते हुए कई बार वित्तीय भ्रष्टाचार किया है। (RZ)