सऊदी अरब के हवाई अड्डे पर यमन का मिसाइल हमला
यमन की ओर से सऊदी अरब के जाज़ान हवाई अड्डे पर मिसाइल से हमला किया गया है।
फ़ार्स समाचार एजेन्सी के अनुसार शुक्रवार को यमन की ओर से सऊदी अरब के जाज़ान हवाई अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइल बद्र-1 से हमला किया गया।
यमनी की मिसाइल कमान का कहना है कि यह हमला, सऊदी अरब के अमानवीय आक्रमणों की जवाबी प्रतिक्रिया है। यमनी सूत्रों ने बताया है कि मिसाइल बद्र-1, सऊदी अरब के दक्षिण पश्चिमी क्षेत्र में जाज़ान हवाई अड्डे को लक्ष्य बनाकर दाग़ा गया। पिछले 24 घण्टों के दौरान यमन की ओर से सऊदी अरब पर बद्र-1 मिसाइल का यह दूसरा हमला है। यमन की मिसाइल कमान ने बुधवार की रात भी सऊदी अरब पर बद्र-1 मिसाइल से हमला किया था।
इसी बीच यह रिपोर्ट मिली है कि यमन की सेना ने गुरूवार को देश के दक्षिण पश्चिम में अमरीका के एक आधुनिक ड्रोन को मार गिराया था। सेना ने कल हुदैदा प्रांत में एमक्यू-9 ड्रोन को लक्ष्य बनाकर मार गिराया था।
ज्ञात रहे कि यमन की सेना और अंसारुल्लाह ने सन 2017 के आरंभ से सऊदी अरब पर मिसाइलों से हमले आरंभ किये हैं जिनमें कई बार सऊदी अरब के भीतर कई लक्ष्यों को निशाना बनाया गया है। हालांकि सऊदी अरब की वायुसेना की ओर से घोषणा की गई है कि यमन की ओर से शुक्रवार को मारे गए मिसाइल बद्र-1 को बीच रास्ते में ही ध्वस्त कर दिया गया किंतु अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।