अमरीका से वार्ता करना समय व्यर्थ करने जैसा हैः असद
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने कहा है कि अमरीका से वार्ता करना, अपना समय नष्ट करने जैसा है।
फ़ार्स न्यूज़ एजेन्सी के अनुसार सीरिया के राष्ट्रपति असद ने एक साक्षात्कार में कहा कि अमरीका के राष्ट्रपतियों से बात करने का कोई लाभ नहीं है क्योंकि वे वास्तव में "प्रेशर ग्रुप्स" के बंधक होते हैं।
असद ने शुक्रवार को रूसी टीवी चैनेल एटीवी को दिये साक्षात्कार में स्पष्ट किया कि दमिश्क़ को अमरीका के साथ सन 1974 से वार्ता का कोई परिणाम नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति वास्तव में बड़े-बड़े संचार माध्यमों, बड़ी आर्थिक संस्थाओं, तेल कंपनियों और हथियारों की कंपनियों जैसे प्रेशर ग्रुप्स या एडवोकेसी गुप्स के दबाव में काम करते हैं।
सीरिया के राष्ट्रपति ने कहा कि यह बात सही है कि वार्ता किसी भी देश या पक्ष से की जाए तो उसका परिणाम अवश्य निकलता है किंतु अमरीका के साथ वार्ता का इसलिए कोई फ़ाएदा नहीं है क्योंकि उसकी नीतियां अपरिवर्तनीय हैं।
ज्ञात रहे कि सीरिया में सन 2011 से एक संकट आरंभ हुआ जिसके पीछे अमरीका तथा सऊदी अरब सहित उसके कई घटक थे। अमरीका ने अपने घटकों के साथ क्षेत्रीय संतुलन को अवैध ज़ायोनी शासन के हित में परिवर्तित करने के उद्देश्य से सीरिया में अशांति उत्पन्न कराई किंतु सीरिया की सेना और वहां की जनता ने इस अमरीकी षडयंत्र को विफल बना दिया।