यमन, सेना की कार्यवाही में दर्जनों सऊदी सैनिक ढेर
यमन की सेना और स्वयं सेवी बलों की मीज़ाइल यूनिट ने पश्चिमी तट पर सऊदी अरब और संयुक्त अरब इमारात के सैन्य ठिकाने पर बैलेस्टिक मीज़ाइल से हमला किया है इसी के साथ विभिन्न मोर्चों पर यमनी सेना के हमलों में सऊदी सरकार और उसके घटकों के दर्जनों सैनिक मारे गये।
यमनी सेना और स्वयं सेवी बलों की मीज़ाइल यूनिट ने घोषणा की है कि उसने पश्चिमी तट पर सऊदी अरब और संयुक्त अरब इमारात के सैन्य ठिकाने पर कम दूरी तक मार करने वाले बैलेस्टिक मीज़ाइल से हमला किया है।
यमनी सूत्रों का कहना है कि यह मीज़ाइल अपने मुख्य लक्ष्य पर जाकर लगा है। यमन के रक्षामंत्री मेजर जनरल मुहम्मद नासिर अलआतेफ़ी ने पिछली पांच जुलाई को कहा था कि यमन के पश्चिमी तट को हमलावर सैनिकों का क़ब्रिस्तान बना दिया जाएगा।
सऊदी अरब और उसके घटकों ने पिछले 13 जून से यमन के पश्चिमी क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा करने के लिए अलहुदैदा बंदरगाह और हुदैदा शहर पर अपने हमले तेज़ कर दिए हैं किन्तु यमनी सेना और स्वयं सेवी बलों के ज़बरदस्त प्रतिरोध के कारण सऊदी गठबंधन कोई ख़ास प्रगति नहीं कर सका है। (AK)