यमन, अलहुदैदा के खाद्य भंडार पर सऊदी अरब का हमला
सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने अलहुदैदा क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय खाद्य संगठन के एक भंडार पर बमबारी कर दी।
यमन की सर्वोच्च क्रांति कमेटी के प्रमुख मुहम्मद अली अलहूसी ने हुदैदा प्रांत में अंतर्राष्ट्रीय खाद्य संगठन के एक भंडार पर हमले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि रियाज़ पूरे हुदैदा में अनाज के भंडारों पर इस बहाने से हमले का इरादा रखता है कि ये भंडारण केन्द्र हथियार इकट्ठा करने के लिए इस्तेमाल हो रहे थे। हुदैदा के भंडार, युद्ध ग्रस्त यमन के लिए अनाज की आपूर्ति के मुख्य स्रोत हैं।
यमन के आवासीय और नागरिक संस्थाओं पर सऊदी अरब निरंतर हमले कर रहा है और किसी के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। यमन संकट के संबंध में अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं विशेषकर सुरक्षा परिषद की अनदेखी और समस्त अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों और नियमों को पैरों तले रौंदने के लिए सऊदी अरब को हरी झंडी दिखाने से यमन में सऊदी गठबंधन के अपराधों में वृद्धि का कारण बनी है।
विश्व समुदाय की ओर से यमन में सऊदी अरब के अपराधों की अनदेखी के कारण आले सऊद और उसका गठबंधन यमन में अपने अपराधों को जारी रखने में अधिक दुस्साहसी हो गया है। महीनों से सऊदी गठबंधन की ओर से यमन के व्यापक परिवेष्टन के कारण इस देश में मानवीय त्रासदी मुंह बाए खड़ी है।
परिवेष्टन के कारण यमनी नागरिकों को विभिन्न प्रकार की बीमारियों और अस्पतालों में दवाओं की भारी कमी का सामना है जिसकी ओर विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं और संगठनों ने इशारा भी किया है। (AK)