अमरीका ने की यमन युद्ध रुकवाने की अपील
अमरीकी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करके यमन युद्ध रुकवाने की अपील की है।
अमरीकी विदेशमंत्रालय ने गुरूवार को एलान किया है कि वाशिग्टन का मानना है कि वर्तमान समय, यमन युद्ध को रुकवाने के लिए उचित अवसर है। इस एलान के अनुसार यह समय वार्ता के माध्यम से यमन युद्ध रुकवाने का बहुत अच्छा अवसर है।
इससे पहले बुधवार को अमरीकी विदेशमंत्री पोम्पियो ने यमन पर सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के हमले रोके जाने की अपील की थी। उधर अमरीकी रक्षामंत्री जेम्स मैटिस ने भी यमन युद्ध को रुकवाने की मांग करते हुए कहा है कि युद्धबंदी तक पहुंचने के लिए अगले 30 दिनों के भीतर यमनियों की वार्ता आरंभ होनी चाहिए।
याद रहे कि सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने मार्च 2015 से यमन के विरुद्ध युद्ध आरंभ कर रखा है जिसमें लगभग 50 हज़ार लोग मारे जा चुके हैं। हालांकि अन्तर्राष्ट्रीय संचार माध्यमों में इनकी संख्या बहुत अधिक बताई जा रही है।