सऊदी अरब और ब्रिटेन का सैन्य अभ्यास आरंभ
सऊदी अरब ने ब्रिटेन के साथ मिलकर संयुक्त सैन्य अभ्यास आरंभ किया है।
सऊदी समाचार एजेन्सी वास के अनुसार सऊदी अरब और ब्रिटेन के सैनिकों ने सऊदी अरब की राजधानी रेयाज़ में वायुसेना की फहद नामक छावनी में संयुक्त सैन्य अभ्यास आरंभ किया है। यह अभ्यास दो सप्ताहों तक जारी रहेगा।
फहद छावनी के एक कमांडर हामिद बिन वाक़े ने बताया है कि इस सैन्य अभ्यास का मुख्य उद्देश्य, सऊदी अरब के सैनिकों की युद्ध क्षमता के स्तर को बढ़ाना है। दस दिसंबर तक चलने वाले इस सैन्य अभ्यास का नाम, ग्रीन फ्लैग-2018 रखा गया है।
सऊदी अरब ने ब्रिटेन के साथ मिलकर संयुक्त सैन्य अभ्यास एेसी स्थिति में आरंभ किये हैं कि जब रेयाज़ पर यमन युद्ध रोकने के लिए विश्व समुदाय की ओर से मांग बढ़ती जा रही है। विशेष बात यह है कि ब्रिटेन, सऊदी अरब को हथियार निर्यात करने वाला दूसरा सबसे बड़ा देश है।