सऊदी अरब में फिर एक शिया युवक की हत्या
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i77193-सऊदी_अरब_में_फिर_एक_शिया_युवक_की_हत्या
सऊदी अरब में लगातार शिया मुसलमानों की हत्याओं का क्रम जारी है। इस बीच ख़बरें प्राप्त हुईं हैं कि सऊदी अरब के क़तीफ़ इलाक़े में एक और शिया युवक की इस देश के सुरक्षा बलों ने हत्या कर दी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul १४, २०१९ १६:२३ Asia/Kolkata
  • सऊदी अरब में फिर एक शिया युवक की हत्या

सऊदी अरब में लगातार शिया मुसलमानों की हत्याओं का क्रम जारी है। इस बीच ख़बरें प्राप्त हुईं हैं कि सऊदी अरब के क़तीफ़ इलाक़े में एक और शिया युवक की इस देश के सुरक्षा बलों ने हत्या कर दी है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, सऊदी अरब के शिया बाहुल्य क्षेत्र क़तीफ़ में आले सऊद शासन के सैनिकों की गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल एक शिया युवक की मौत हो गई है। ख़बरों के अनुसार सऊदी सैनिकों ने 10 दिन पहले सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत अश्शरक़िया के अलक़तीफ़ शहर के विभिन्न क्षेत्रों पर हमला करके कई नागरिकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस बीच सऊदी सैनिकों की गोली से घायल “माजिद अब्दुल्लाह आले आदम” नामक शिया युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई थी। रविवार को माजिद अब्दुल्लाह आले आदम ज़ख्मों की ताब न लाकर मौत की नींद सो गया।

इस बीच समाचार एजेंसी फ़ार्स ने ख़बर दी है कि आले सऊद शासन के सुरक्षा बलों ने प्रसिद्ध धार्मिक कार्यकर्ता इब्राहीम ईसा आले इस्माईल को बिना कोई कारण बताए गिरफ़्तार कर लिया है। इब्राहीम ईसा को सऊदी सैनिक गिरफ़्तार करके कहां ले गए हैं इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। धार्मिक कार्यकर्ता के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात का डर है कि कहीं इब्राहीम ईसा की हत्या न कर दी गई हो।

उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब का शिया बाहुल्य क्षेत्र अलक़तीफ़ हमेशा से ही सऊदी सैनिकों के निशाने पर रहा है। अब तक इस क्षेत्र के दसियों लोग सैन्य कार्यवाही में मारे जा चुके हैं जबकि सैकड़ों अन्य घायल हो चुके हैं और हज़ारों लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है। सऊदी अरब के पूर्वी क्षेत्रों में 2011 से अन्याय तथा संपत्ति के अन्यायपूर्ण विभाजन के विरुद्ध आले सऊद शासन के ख़िलाफ़ प्रदर्शन हो रहे हैं।(RZ)