युद्ध पूरी तरह से रोका जाएः अंसारुल्लाह
यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह ने कहा है कि यमन में शांतिवार्ता को आगे बढ़ाने का बेहतरीन मार्ग पूर्ण युद्ध विराम है।
अलमसीरा टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, अंसारुल्लाह के प्रवक्ता मुहम्मद अब्दुस्सलाम ने यमन के आंतरिक मामलों के संबंध में कुछ विदेशी शक्तियों के हस्तक्षेप का विरोध करते हुए देश के संकट के न्यायपूर्ण समाधान के लिए अपनी तत्परता की घोषणा की है।
अंसारुल्लाह के प्रवक्ता ने बल दिया कि अंसारुल्लाह आंदोलन, पड़ोसी देशों के साथ रणनैतिक संबंधों की स्थापना का इच्छुक है। उन्होंने बताया कि यह बात हमने सऊदी अरब सहित समस्त पड़ोसियों को मित्रता और शांति का संदेश भेजकर बता दी है किन्तु इसपर हमें शत्रुतापूर्ण प्रतिक्रियाएं मिली हैं।
अब्दुस्सलाम ने कहा कि कुवैत में शांति वार्ता, यमनियों के बीच होनी चाहिए और कोई भी विदेशी उसमें शामिल नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यमन के बारे में निर्णय लेने का अधिकार किसी दूसरे को नहीं है। दूसरी ओर यमन में संघर्ष विराम की घोषणा के छह दिन बीतने के बावजूद सऊदी अरब के युद्धक विमानों के हमले जारी हैं।
अलमसीरा टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने शनिवार को यमन के तइज़ प्रांत की अलवेज़ाइया पहाड़ियों पर यमनी सेना और स्वयंसेवी बलों के ठिकानों पर हमले किए। (AK)