युद्ध विराम, यमनी जनता की पहली प्राथमिकता
यमन के अंसारुल्लाह जनांदोलन के प्रवक्ता ने इस देश में युद्ध की समाप्ति को जनता की पहली प्राथमिकता बताया है।
मुहम्मद अब्दुस्सलाम ने संयुक्त राष्ट्र संघ की निगरानी में कुवैत में यमनी पक्षों के बीच होने वाली वार्ता के दूसरे दिन कहा कि युद्ध और सैन्य कार्यवाहियों की समाप्ति यमन की जनता और उनके सभी प्रतिनिधियों की सबसे बड़ी इच्छा है। उन्होंने कहा कि कुवैत में संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रतिनिधि इस्माईल वलद शैख़ की निगरानी में यमन के राष्ट्रीय गुटों के दल और रियाज के दल की उपस्थिति में होने वाला वार्ता का ताज़ा चरण, युद्ध विराम को स्थायी बनाने, मध्यस्थ समिति की रिपोर्ट की समीक्षा और दोनों पक्षों की मांगों पर विचार करने पर आधारित है।
अंसारुल्लाह जनांदोलन के प्रवक्ता ने कहा कि शनिवार की वार्ता में संयुक्त राष्ट्र संघ के सैन्य विशेषज्ञों और यमन की सैन्य समन्वयक समिति ने वार्ताकार पक्षों को संघर्ष विराम में आने वाली रुकावटों के बारे में अवगत कराया। यमनी पक्षों के बीच शुक्रवार से कुवैत में वार्ता आरंभ हुई है। (HN)