सऊदी जेलों में बंद राजकुमारों ने उठाया असाधरण क़दम
सऊदी अरब की जेलों में बंद देश की प्रभावशाली हस्तियों और राजकुमारों ने एक असाधारण क़दम उठाते हुए क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान का मुक़ाबला करने के लिए अमरीका में अपने रसूख़ का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
न्यूयार्क टाइम्ज़ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि जेलों में बंद सऊदी राजकुमारों ने अमरीका में मौजूद लाबियों और राष्ट्रपति ट्रम्प की सरकार के क़रीब समझी जाने वाली कंपनियों और वकीलों की संस्थाओं से संपर्क बढ़ाना तेज़ कर दिया है।
राजकुमारों ने वकीलों की कंपनियों और प्रेशर टूल के रूप में काम करने वाली संस्थाओं से इसलिए संपर्क किया है कि सऊदी सरकार पर अमरीका की ओर से दबाव डाला जाए कि क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान अपनी दमनकारी नीतियों पर लगाम लगाएं।
न्यूयार्क टाइम्ज़ ने यह भी लिखा है कि क़ैदी राजकुमारों और प्रभावशाली सऊदी हस्तियों के क़रीबी लोग अमरीका में मौजूद हैं और वह इस समय बहुत सक्रिय हो गए हैं। अख़बार का कहना है कि यह गतिविधियां तब शुरू हुई हैं जब इन क़ैदियों को निराशा हो गई और उन्हें यक़ीन हो गया है कि सऊदी नेतृत्व के सामने उनकी गुहार का कोई असर नहीं हो रहा है।
इस समय सऊदी राजकुमारों की ओर से जो प्रयास शुरू किए गए हैं उनसे एक बार फिर ज़ाहिर हो रहा है कि सऊदी अरब के शाही परिवार के भीतर बड़े गंभीर मतभेद हैं और टकराव की स्थिति पैदा हो गई है।
स्रोतः अमरीकी मीडिया