तुर्की के मसले में हर हथकंडा अपना रहा है यूरोप
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i91260-तुर्की_के_मसले_में_हर_हथकंडा_अपना_रहा_है_यूरोप
यूरोपीय काउंसिल के प्रमुख चार्ल मिशल ने कहा कि तुर्की को चाहिए कि मनमानी और एकपक्षीय गतिविधियां बंद करे जो अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों से विरोधाभास रखती हैं जबकि यूरोपीय आयोग की प्रमुख ओरसोला योनडर लेयेन ने कहा कि यदि पूर्वी भूमध्यसागर में तुर्की की भड़काऊ कार्यवाहियां जारी रहीं तो उस पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct ०२, २०२० ०६:१३ Asia/Kolkata
  • तुर्की के मसले में हर हथकंडा अपना रहा है यूरोप

यूरोपीय काउंसिल के प्रमुख चार्ल मिशल ने कहा कि तुर्की को चाहिए कि मनमानी और एकपक्षीय गतिविधियां बंद करे जो अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों से विरोधाभास रखती हैं जबकि यूरोपीय आयोग की प्रमुख ओरसोला योनडर लेयेन ने कहा कि यदि पूर्वी भूमध्यसागर में तुर्की की भड़काऊ कार्यवाहियां जारी रहीं तो उस पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

यूरोपीय शिखर सम्मेलन का पहला दिन पूरा होने के बाद चार्ल मिशल ने कहा कि तुर्की तत्काल मानमानी बंद करे हम वार्ता को भी प्रोत्साहन देंगे लेकिन साथ ही कड़ाई भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि हम तुर्की के साथ कस्टम सिस्टम को बेहतर बनाने और आपसी व्यापार को विस्तार देने सहित अनेक पहलुओं पर काम करते रहेंगे।

मिशल ने कहा कि हम चाहते हैं कि साइप्रस विवाद पर संयुक्त राष्ट्र संघ की निगरानी में वार्ता हो और हमें खेद है कि तुर्की इस मामले में सार्थक काम नहीं कर रहा है।

यूरोपीय आयोग की प्रमुख का कहना था कि अगर तुर्की ने पूर्वी भूमध्यसागर में खुदाई का काम जारी रखा तो फिर यूरोपीय देश आवश्यक क़दम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर तुर्की ने भड़काऊ कार्यवाही जारी रखी तो उसे दंडित किया जाएगा मगर यूरोप की प्राथमिकता यह है कि तुर्की के साथ सकारात्मक संबंध हों।

फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां ने कहा कि तुर्की को चाहिए कि वार्ता की मेज़ पर बैठे वरना यूरोप को चाहिए कि वह तुर्की पर प्रतिबंध लगाए। उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों के बीच सहमति बनी है कि तुर्की को दिसम्बर के अंत तक का समय दिया जाए।