कुछ यूरोपीय देश भी इस्राईल द्वारा अवैध कालोनी निर्माण के विरोधी
कुछ यूरोपीय देशों ने इस्राईल द्वारा अवैध कालोनी निर्माण का खुलकर विरोध किया है।
अलजज़ीरा के अनुसार जर्मनी, फ़्रांस, ब्रिटेन, इटली तथा स्पेन ने एक संयुक्त बयान जारी करके इस्राईल द्वारा अवैध कालोनी निर्माण का विरोध किया है। यूरोपीय देशों के इस संयुक्त बयान में कहा गया है कि इस्राईल की ओर से नई कालोनियों का निर्माण, क़ानून का खुला उल्लंघन है। इन पांच यूरोपी देशों का मानना है कि यह काम जहां पर ग़ैर रचनात्मक है वहीं पर यह अन्तर्राष्ट्रीय नियमों के विरुद्ध है। बयान में यह भी कहा गया है कि फ़िलिस्तीनियों के घरों को तोड़े जाने वाली प्रक्रिया को तत्काल रुकना चाहिए और सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव क्रमांक-2334 को पूरी तरह से लागू किया जाए।
ज्ञात रहे कि ज़ायोनी सूत्रों ने 14 अक्तूबर को जार्डन नदी के पश्चिमी तट पर नई कालोनियों के निर्माण की आधिकारिक अनुमति मिलने की सूचना दी थी। उल्लेखनीय है कि अमरीका के खुले समर्थन से अवैध ज़ायोनी शासन संयुक्त राष्ट्रसंघ के प्रस्तावों के विपरीत फ़िलिस्तीनी क्षेत्रों में नई कालोनियों का निर्माण करना चाहता है जिसका व्यापक विरोध आरंभ हो गया है।